नवीन गृहकर वसूली के विरोध में सभासदों का धरना 15वें दिन भी जारी, आंदोलन तेज करने की चेतावनी

जमानियां। नगर पालिका परिषद में नवीन गृहकर की कथित वसूली, आउटसोर्सिंग कर्मचारियों के दुरुपयोग और चेयरमैन की कार्यशैली के विरोध में सभासदों का अनिश्चितकालीन धरना बृहस्पतिवार को 15वें दिन भी जारी रहा। नगर पालिका परिसर में धरनारत सभासदों ने मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं होने पर संवैधानिक तरीके से आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी।
सभासदों का आरोप है कि नवीन गृहकर की वसूली पर रोक के बावजूद नगरवासियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाला जा रहा है। उन्होंने रोक संबंधी आदेश का सख्ती से पालन कराने और सदन में पारित प्रस्तावों को लागू करने की मांग की।
इसके अलावा आउटसोर्सिंग कर्मचारियों की पदवार सूची सार्वजनिक करने, उनके कथित दुरुपयोग पर रोक लगाने तथा टेंडर प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग उठाई गई। सभासदों ने नगर में बदहाल साफ-सफाई और चरमराई प्रकाश व्यवस्था पर भी नाराजगी जताते हुए बुनियादी सुविधाएं दुरुस्त कराने की मांग की।
सभासदों ने स्पष्ट किया कि मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं हुआ तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। इसकी जिम्मेदारी पालिका प्रशासन की होगी।
धरने में प्रमोद यादव, राकेश प्रजापति, अंजनी गुप्ता, सचिन वर्मा, मोहन गुप्ता, आशीम खां, रजनीकांत उपाध्याय, उमराव यादव, शिवबचन यादव, अरशद सहित अन्य सभासद मौजूद रहे।


