23वें दिन भी जारी रहा सभासदों का धरना, सोमवार को सामूहिक इस्तीफे की चेतावनी

बाहों में काली पट्टी बांधकर पालिका अध्यक्ष और प्रशासन के खिलाफ की नारेबाजी, जनता को साथ लेकर आंदोलन तेज करने का ऐलान
जमानिया (गाजीपुर)। नगर पालिका परिषद जमानियां में विभिन्न जनहितैषी मांगों को लेकर सभासदों का अनिश्चितकालीन धरना शुक्रवार को 23वें दिन भी जारी रहा। लंबे समय से आंदोलन के बावजूद मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होने से सभासदों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार को विरोध के क्रम में सभासदों ने अपनी बाहों में काली पट्टी बांधकर नगर पालिका अध्यक्ष और पालिका प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
इस दौरान सभासदों ने ऐलान किया कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आगामी सोमवार, 2 नवंबर को सभी सभासद सामूहिक रूप से इस्तीफा सौंप देंगे। उन्होंने चेतावनी दी कि सामूहिक इस्तीफे के बाद भी आंदोलन समाप्त नहीं होगा, बल्कि आम जनता को साथ लेकर व्यापक स्तर पर शांतिपूर्ण जनांदोलन शुरू किया जाएगा। सभासदों ने कहा कि उनका विरोध किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि नगर की जनता के अधिकारों और विकास कार्यों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए है।
सभासदों ने पालिका प्रशासन पर शासनादेशों और दिशा-निर्देशों की अनदेखी कर कार्य कराने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि रोक के बावजूद नगर में नवीन गृहकर (हाउस टैक्स) की वसूली की जा रही है। इसके अलावा आउटसोर्सिंग कर्मचारियों का कथित तौर पर निजी कार्यों में इस्तेमाल किया जा रहा है। कर्मचारियों की तैनाती, कार्यक्षेत्र और जिम्मेदारियों का विवरण सार्वजनिक नहीं किए जाने पर भी उन्होंने सवाल उठाए। सभासदों का आरोप है कि कर्मचारियों के कथित दुरुपयोग से नगर के आवश्यक कार्य प्रभावित हो रहे हैं। वहीं, बोर्ड बैठकों में पारित विकास प्रस्तावों पर अमल नहीं होने से भी नाराजगी है।
सभासदों ने दोहराया कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, तब तक धरना जारी रहेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि जनहित के मुद्दों की अनदेखी अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस दौरान राकेश प्रजापति, रजनीकांत उपाध्याय, सुरेंद्र चौधरी साहू, प्रमोद यादव, सचिन वर्मा, अंजनी गुप्ता, शिवबचन यादव, उमराव यादव, मोहन राम, अरशद, आमिर उर्फ गोलू सहित अन्य सभासद मौजूद रहे।



