20 लाख की रंगदारी नहीं देने पर स्कूल संचालक पर जानलेवा हमला, छह के खिलाफ मुकदमा दर्ज

गाजीपुर। 20 लाख रुपये की रंगदारी मांगने और रकम नहीं देने पर स्कूल संचालक को रास्ते में घेरकर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने लालू यादव समेत छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। बताया जा रहा है कि डीआईजी के निर्देश पर पुलिस ने यह कार्रवाई की है। मामले में पुराने हत्याकांडों में भी कथित गैंग की संलिप्तता का आरोप लगाया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दरौली निवासी दिनेश यादव श्री शिव गोविंद पब्लिक स्कूल का संचालन करते हैं। वह 21 सितंबर की सुबह करीब 11 बजे स्कूल से अपनी गाड़ी से दरौली रेलवे स्टेशन होते हुए जखनपुर जा रहे थे। आरोप है कि जखनपुर गांव से पहले क्रेटा सवार हमलावरों ने उनकी गाड़ी को चारों तरफ से घेर लिया और उन पर जानलेवा हमला कर दिया।
पीड़ित की तहरीर के मुताबिक, हमलावरों में हरपुर निवासी लालू यादव, शेरपुर निवासी अरुण यादव उर्फ गोलू यादव और चार अन्य लोग शामिल थे। आरोप है कि लालू यादव उनसे 20 लाख रुपये की रंगदारी मांग रहा था। रकम नहीं देने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई थी। हमले के दौरान आरोपितों ने उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी।
मामले को लेकर पीड़ित ने पुलिस के समक्ष पुराने आपराधिक घटनाक्रम का भी उल्लेख किया है। तहरीर में वर्ष 2014 में जमानियां थाना क्षेत्र के पास सेंट्रल पब्लिक स्कूल के संचालक की दिनदहाड़े हुई हत्या और वर्ष 2021 में भैदपुर निवासी राजकुमार बिंद उर्फ राजा बिंद की हत्या में कथित गैंग की संलिप्तता का आरोप लगाया गया है। इसके अलावा कुछ अन्य लोगों पर धमकाने और जमीन-मकान पर कब्जा करने की कोशिश करने जैसे आरोप भी लगाए गए हैं।
डीआईजी के निर्देश पर कार्रवाई के बाद मामला चर्चा में है।



