उत्तर प्रदेशक्राइमगाजीपुरज़मानियारेल

जमानिया रेलवे स्टेशन पर महिला का मंगलसूत्र काटकर भाग रहा उचक्का पकड़ा गया, साथी मंगलसूत्र लेकर फरार

जमानिया (गाजीपुर)। स्थानीय रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे उस समय अफरातफरी मच गई, जब ट्रेन में सवार हो रही एक महिला के गले से मंगलसूत्र काटकर उचक्का भागने लगा। महिला के शोर मचाने पर यात्रियों और स्टेशन पर मौजूद लोगों ने दौड़ाकर आरोपी युवक को पकड़ लिया। हालांकि, उसका एक साथी मंगलसूत्र लेकर फरार होने में सफल रहा।
जानकारी के अनुसार, मदनपुरा निवासी सुमन देवी पत्नी संतोष गुप्ता अपनी बहन के घर भदौरा में आस्था के महापर्व डाला छठ पूजा में शामिल होने जा रही थीं। दोपहर करीब 12 बजे वह भदौरा जाने के लिए जमानिया रेलवे स्टेशन पहुंचीं। इसी दौरान ट्रेन में चढ़ते समय पहले से घात लगाए एक उचक्के ने उनके गले से मंगलसूत्र काट लिया और भागने लगा।
मंगलसूत्र गायब होने का एहसास होते ही सुमन देवी ने शोर मचाना शुरू कर दिया। उनकी आवाज सुनकर यात्रियों और स्टेशन पर मौजूद लोगों का ध्यान उधर गया। लोगों ने भाग रहे युवक का पीछा कर उसे पकड़ लिया और जीआरपी को सूचना दी। बताया जा रहा है कि पकड़े जाने से पहले आरोपी युवक मंगलसूत्र अपने दूसरे साथी को सौंप चुका था, जो उसे लेकर फरार हो गया।
पकड़े गए युवक की पहचान प्रिंस (25) निवासी डुमरांव, जिला बक्सर (बिहार) के रूप में हुई है। सूचना पर स्थानीय जीआरपी के जवान अमरनाथ मौर्य मौके पर पहुंचे और पीड़िता से घटना की जानकारी ली। इसके बाद आरोपी को हिरासत में लेकर जीआरपी थाना दिलदारनगर ले जाया गया।
पीड़िता सुमन देवी ने बताया कि वह भदौरा जाने के लिए स्टेशन पहुंची थीं। ट्रेन में चढ़ते समय एक युवक उनका मंगलसूत्र काटकर भागने लगा। उनके शोर मचाने पर वहां मौजूद लोगों ने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
इस संबंध में दिलदारनगर जीआरपी प्रभारी अश्विनी कुमार पटेल ने बताया कि अभी पीड़िता की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है। पकड़े गए युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। तहरीर मिलने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page