स्वगणना की धीमी प्रगति पर प्रशासन सख्त, सुपरवाइजरों को चेतावनी

जमानियां (गाजीपुर)। नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में जनगणना के तहत चल रहे स्वगणना कार्य की धीमी प्रगति पर प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष उपलब्धि कम मिलने पर बृहस्पतिवार को समीक्षा बैठक आयोजित कर सुपरवाइजरों को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
एसडीएम निधि एवं तहसीलदार जितेंद्र कुमार के निर्देश पर आयोजित बैठक में तहसील क्षेत्र के सभी सुपरवाइजरों से स्वगणना कार्य की अद्यतन प्रगति रिपोर्ट ली गई। समीक्षा के दौरान जमानियां क्षेत्र की स्थिति अपेक्षाकृत कमजोर मिलने पर अधिकारियों ने नाराजगी जताते हुए इसे चिंताजनक बताया। जिलाधिकारी के निर्देशों का हवाला देते हुए सुपरवाइजरों को अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रियता बढ़ाने की हिदायत दी गई।बैठक में निर्देश दिया गया कि प्रत्येक प्रगणक प्रतिदिन कम से कम दो से तीन परिवारों की स्वगणना अनिवार्य रूप से कराएं। वहीं सुपरवाइजर प्रतिदिन कार्यों की निगरानी करें और प्रगणकों को आने वाली तकनीकी अथवा अन्य समस्याओं का तत्काल समाधान सुनिश्चित कराएं। आमजन को स्वगणना के महत्व के प्रति जागरूक कर अधिक से अधिक परिवारों की भागीदारी बढ़ाने पर भी जोर दिया गया।
अधिकारियों ने सभी सुपरवाइजरों को जवाबदेही के साथ काम करते हुए निर्धारित समय-सीमा में शत-प्रतिशत लक्ष्य पूरा करने का निर्देश दिया।बैठक में जनगणना प्रभारी नोडल संदीप, संत कुमार गुप्ता, सुनील शर्मा, जय प्रकाश, अजय पांडेय, रामानुज प्रसाद, आलोक श्रीवास्तव, राकेश रोशन तिवारी, अवधेश विश्वकर्मा, अभिषेक मौर्य, मिथिलेश सिंह, इंद्रमोहन सिंह तथा तकनीकी सहायक राहुल यादव सहित अन्य संबंधित कर्मचारी मौजूद रहे।



