चोरी के मामले में वांछित आरोपी गिरफ्तार, पीली धातु के बर्तन और नकदी बरामद

जमानिया। स्थानीय कोतवाली पुलिस ने चोरी के मामले में वांछित एक आरोपी को गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से पीली धातु का एक गगरा, लोटा, गिलास और 2050 रुपये नकद बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपी की पहचान पटखौलिया निवासी छोटू उर्फ छोट्टन उर्फ छोटक पुत्र रसूल के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गुरुवार को उपनिरीक्षक सुनील कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ कांशीराम आवास के पास गौशाला पर चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर मुकदमा संख्या 365/2026 की धारा 305(ए) और 317(2) बीएनएस में वांछित आरोपी छोटू को गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से चोरी से संबंधित पीली धातु के बर्तन और 2050 रुपये नकद बरामद हुए। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ जमानिया थाने में एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट, आबकारी अधिनियम और चोरी सहित विभिन्न धाराओं में कुल आठ मुकदमे दर्ज हैं। इनमें वर्ष 2019, 2021, 2023, 2024 और 2026 के मामले शामिल हैं।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक सुनील कुमार सिंह शामिल रहे। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।


