उत्तर प्रदेशगाजीपुरज़मानियाप्रशासनिक

नवीन गृहकर वसूली पर एक माह की रोक, डीएम के आश्वासन पर 24वें दिन समाप्त हुआ सभासदों का धरना

जमानियां (गाजीपुर)। नगर पालिका परिषद जमानियां में विभिन्न जनहित से जुड़ी मांगों को लेकर सभासदों का 24 दिनों से चल रहा अनिश्चितकालीन धरना शनिवार को समाप्त हो गया। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला के हस्तक्षेप और आश्वासन के बाद सभासदों ने आंदोलन स्थगित करने का निर्णय लिया। डीएम ने नवीन गृहकर की वसूली पर फिलहाल एक महीने तक रोक लगाने का निर्देश नगर पालिका अध्यक्ष जयप्रकाश गुप्ता को दिया। साथ ही आउटसोर्सिंग कर्मचारियों के निजी कार्यक्रमों और धरना-प्रदर्शन में इस्तेमाल पर भी नाराजगी जताते हुए इसे तत्काल बंद कराने को कहा।
धरने के 24वें दिन काली पट्टी बांधकर प्रदर्शन कर रहे सभासदों के बीच डीएम के प्रतिनिधि के रूप में एसडीएम निधि पहुंचीं। उन्होंने सभासदों को वार्ता के लिए दोपहर एक बजे राइफल क्लब बुलाया। वहां डीएम के साथ हुई वार्ता में सभासदों ने आरोप लगाया कि बोर्ड की सर्वसम्मति से लिए गए निर्णय और एडीएम के निर्देश के बावजूद नवीन गृहकर की वसूली की जा रही है। इसके अलावा वार्डों में विकास कार्य ठप होने, आउटसोर्सिंग कर्मचारियों के कथित दुरुपयोग और नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए।
सभासदों ने साफ-सफाई, खराब स्ट्रीट लाइट, खड़ंजा निर्माण और टूटी गलियों की मरम्मत सहित अन्य जनसमस्याओं को प्राथमिकता से उठाया। इस पर जिलाधिकारी ने अधिशासी अधिकारी संतोष कुमार को तीन दिनों के भीतर समस्याओं का निस्तारण कराने का निर्देश दिया। वहीं, सभासदों से उनके वार्डों के 10 प्रमुख विकास कार्यों की सूची लेकर संबंधित अधिकारियों को एक दिन के भीतर स्थलीय नापी कर आगणन (एस्टीमेट) तैयार करने तथा तत्काल टेंडर प्रक्रिया शुरू कराने का आदेश दिया।
डीएम के आश्वासन के बाद सभासदों ने 24वें दिन अपना धरना समाप्त कर दिया। हालांकि, विकास कार्यों के लिए केवल 10 प्रस्तावों को प्राथमिकता दिए जाने पर कुछ सभासदों ने असंतोष जताया। वार्ता के बाद धरना समाप्त होने के बावजूद अन्य मांगों को लेकर सभासदों की नाराजगी पूरी तरह खत्म नहीं हुई।
इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी सुनील कुमार त्रिवेदी सहित सभासद प्रमोद यादव, सचिन वर्मा, राकेश प्रजापति, सुरेंद्र चौधरी साहू, विकास जायसवाल जुगनू, मोहन गुप्ता, अंजनी कुमार गुप्ता, मनीष यादव, राहुल वर्मा, शिवबचन यादव, उमराव यादव, आमिर उर्फ गोलू, शमीम अंसारी, अरशद आदि मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page