उत्तर प्रदेशगाजीपुरज़मानियाशिक्षा

कैच अप कराओ, निपुण बनाओ’ अभियान की शुरुआत

जमानिया। परिषदीय विद्यालयों में अध्ययनरत कक्षा एक और दो के नौनिहालों के शैक्षणिक स्तर को सुदृढ़ करने और उन्हें निपुण बनाने के उद्देश्य से शासन के निर्देश पर ‘कैच अप कराओ, निपुण बनाओ’ अभियान की शुरुआत की गई है। इसके तहत सोमवार से दो दिवसीय बेसलाइन आकलन का कार्य प्रारंभ हो गया, जो मंगलवार को भी जारी रहेगा। छात्रों का यह मूल्यांकन ‘निपुण प्लस’ ऐप के माध्यम से ऑनलाइन कराया जा रहा है।

शिक्षा विभाग के अनुसार, इस मूल्यांकन का प्राथमिक उद्देश्य विद्यार्थियों के वर्तमान अधिगम के वास्तविक स्तर को परखना है। इससे बच्चों की कमजोरियों को चिन्हित कर उसी के आधार पर आगे की प्रभावी शिक्षण रणनीति तैयार की जाएगी। इस आकलन के आंकड़ों की गहन समीक्षा के उपरांत आगामी 2 और 3 नवंबर को दोबारा निपुण आकलन कराया जाएगा। दोनों मूल्यांकनों के नतीजों की तुलना कर यह देखा जाएगा कि निर्धारित समय सीमा में विद्यार्थियों के सीखने व समझने के स्तर में कितनी प्रगति हुई। शिक्षा क्षेत्र के कुल 157 परिषदीय विद्यालयों में यह अभियान संचालित हो रहा है, जिसमें 105 प्राथमिक विद्यालय शामिल हैं। क्षेत्र के करीब दो हजार छात्र-छात्राओं का बेसलाइन मूल्यांकन खंड शिक्षा अधिकारी अशोक कुमार गौतम के पर्यवेक्षण में किया जा रहा है।
बीईओ अशोक कुमार गौतम ने बताया कि शासन की मंशा के अनुरूप प्राथमिक स्तर पर बुनियादी शिक्षा को मजबूत करने के लिए यह पहल की गई है। निपुण प्लस ऐप पर किए जा रहे इस आकलन के परिणामों के आधार पर शिक्षकों के साथ मिलकर विशेष कार्ययोजना तैयार की जाएगी, ताकि हर बच्चे को समयबद्ध तरीके से निपुण बनाया जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page