गाजीपुर में चार अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्कर गिरफ्तार, दो किलो हेरोइन बरामद; कीमत करीब चार करोड़

स्वाट, सर्विलांस और जंगीपुर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, बिहार और गाजीपुर के रहने वाले हैं गिरफ्तार आरोपी
गाजीपुर। जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में स्वाट, सर्विलांस और जंगीपुर पुलिस की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मंगलवार को बनारस-गोरखपुर हाईवे स्थित अरशदपुर तिराहे के पास घेराबंदी कर चार अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्करों को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से 1.904 किलोग्राम अवैध हेरोइन बरामद हुई है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब चार करोड़ रुपये बताई जा रही है। इसके अलावा चार मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस ने बरामद हेरोइन को कब्जे में लेकर चारों आरोपियों के खिलाफ थाना जंगीपुर में मु0अ0सं0 240/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21/29/60 में मुकदमा दर्ज किया है। आरोपियों से पूछताछ के आधार पर तस्करी के नेटवर्क की आगे और पीछे की कड़ियां खंगाली जा रही हैं। पुलिस इस अवैध कारोबार में शामिल अन्य सहयोगियों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की तैयारी में जुटी है।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटाई जा रही है। इस बड़ी कार्रवाई में स्वाट प्रभारी उपनिरीक्षक शैलेन्द्र प्रताप सिंह, सर्विलांस सेल प्रभारी उपनिरीक्षक सुमित बालियान तथा जंगीपुर थानाध्यक्ष उपनिरीक्षक ओम प्रकाश अपनी-अपनी टीम के साथ शामिल रहे।
बरामदगी का विवरण: 1.904 किलोग्राम हेरोइन (अनुमानित कीमत चार करोड़ रुपये) और चार मोबाइल फोन।



