सामूहिक दुष्कर्म के मामले में चार वांछित आरोपी गिरफ्तार

भुड़कुड़ा पुलिस ने कुड़िला मोड़ हाईवे पर चेकिंग के दौरान की कार्रवाई, पॉक्सो एक्ट में दर्ज है मुकदमा
गाजीपुर। भुड़कुड़ा थाना क्षेत्र में सामूहिक दुष्कर्म के मामले में वांछित चल रहे चार आरोपियों को पुलिस ने गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने यह कार्रवाई कुड़िला मोड़ हाईवे पर चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना के आधार पर की। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत 8 अक्टूबर 2026 को निरीक्षक मदन लाल पटेल पुलिस टीम के साथ कुड़िला मोड़ हाईवे पर चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर थाना भुड़कुड़ा में दर्ज मुकदमा संख्या 245/26 से संबंधित चार वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। यह मामला भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 70(2) और पॉक्सो एक्ट की धारा 5जी/6 के तहत दर्ज है।
पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान नीरज राजभर (28), निवासी इब्राहिमपुर, थाना भुड़कुड़ा; रोहित राजभर (22), निवासी अकबरपुर, थाना बहरियाबाद; सोनू उर्फ धर्मेंद्र राजभर (20), निवासी वार्ड नंबर 07, सादात, थाना सादात; तथा अनुज राजभर (19), निवासी डिहवा, थाना भुड़कुड़ा, जनपद गाजीपुर के रूप में हुई है।



