विभिन्न आयु वर्गों के तीरंदाजों ने अपने अचूक निशानों का शानदार किया प्रदर्शन


वच्चों को पुरस्कृत करते युवा नेता रितेश सिंह
जमानिया। क्षेत्र के द्रोणा आर्चरी एकेडमी के मैदान में शनिवार को आयोजित जिला तीरंदाजी प्रतियोगिता का सफल समापन हुआ। प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्गों के तीरंदाजों ने अपने अचूक निशानों का शानदार प्रदर्शन किया। समापन के साथ ही सीनियर और जूनियर वर्ग में चयनित खिलाड़ियों के नामों की घोषणा कर दी गई। यह सभी खिलाड़ी आगामी 26 से 29 सितंबर तक बाराबंकी में आयोजित होने वाली प्रादेशिक तीरंदाजी प्रतियोगिता में जिले की ओर से चुनौती पेश करेंगे।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में ज़मानिया विधायक ओम प्रकाश सिंह के ज्येष्ठ पुत्र एवं युवा सपा नेता रितेश सिंह उपस्थित रहे। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और कहा कि जिले के तीरंदाज अपनी लगन से प्रादेशिक स्तर पर जरूर परचम लहराएंगे। इस अवसर पर जिला तीरंदाजी संघ के सचिव नंदू दुबे, कोच संदीप सिंह, कोच रोहित सिंह तथा सीनियर खिलाड़ी प्रमोद सिंह विशेष रूप से मौजूद रहे और चयन प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न कराया। प्रतियोगिता के परिणाम स्वरूप सीनियर वर्ग के इंडियन राउंड पुरुष वर्ग में उमेश पाल, कुणाल सिंह, अनमोल यादव और रोहित कुमार का चयन हुआ, जबकि महिला वर्ग में अंजलि कुमारी, नंदनी यादव, शगुन कुमारी और अनन्या सिंह राजपूत ने जगह बनाई। सीनियर रिकर्व पुरुष वर्ग में संजय कुमार, आशीष तिवारी, विश्वजीत यादव व अरुण पाल तथा महिला वर्ग में भावना सिंह और धृति कृष्णा चयनित हुईं। कंपाउंड पुरुष वर्ग में विकास यादव, विशाल यादव, विकास कुशवाहा और राघवेंद्र यादव ने बाजी मारी। वहीं जूनियर वर्ग के इंडियन राउंड बालक वर्ग में उमेश पाल, कुणाल सिंह, रोहित कुमार व कृष पांडे और बालिका वर्ग में नंदनी यादव, अनन्या सिंह राजपूत, शगुन कुमारी व अद्रिति पांडे चुने गए। जूनियर रिकर्व बालक वर्ग में संजय कुमार, विश्वजीत, विराट मौर्या व अनुराग सिंह तथा बालिका वर्ग में भावना सिंह और धृति कृष्णा ने स्थान पक्का किया। जूनियर कंपाउंड बालक वर्ग में विकास यादव, विशाल यादव और विकास कुशवाहा का चयन हुआ। संघ के पदाधिकारियों और एकेडमी प्रबंधन ने सभी विजेताओं को बधाई देते हुए बाराबंकी में होने वाली राज्यस्तरीय स्पर्धा में उत्कृष्ट प्रदर्शन की शुभकामनाएं दीं।




