नवीन गृहकर वसूली के विरोध में सभासदों का हल्ला बोल आठवें दिन भी जारी

मांगें पूरी नहीं हुईं तो पालिका से सड़क और जिला मुख्यालय तक आंदोलन ले जाने की चेतावनी
जमानिया। नगर पालिका परिषद में नवीन गृहकर की वसूली पर रोक के बावजूद कथित तौर पर जनता पर वसूली का दबाव बनाए जाने और छह सूत्रीय मांगों के समाधान को लेकर सभासदों का अनिश्चितकालीन ‘हल्ला बोल’ धरना गुरुवार को आठवें दिन भी जारी रहा। पालिका परिसर में एकजुट सभासदों ने दो टूक शब्दों में आर-पार की लड़ाई का ऐलान करते हुए कहा कि जब तक सभी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं होता, आंदोलन अनवरत चलेगा।
धरने पर बैठे सभासदों ने पालिका अध्यक्ष के रवैये को तानाशाही करार देते हुए कड़ा एतराज जताया। उन्होंने कहा कि नगर पालिका बोर्ड की बैठक में नवीन गृहकर की वसूली को अगले आदेश तक स्थगित रखने का बाकायदा निर्णय लिया गया था। इसके बावजूद नगरवासियों पर गृहकर जमा करने का अनुचित दबाव बनाया जा रहा है, जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।सभासदों ने कहा कि जनता के निर्वाचित प्रतिनिधि होने के नाते आमजन के हितों की रक्षा करना उनका मुख्य दायित्व है। जनता पर किसी भी प्रकार का अनावश्यक आर्थिक बोझ लादने का पुरजोर विरोध किया जाएगा। उन्होंने नैतिकता के आधार पर पालिका अध्यक्ष से तत्काल पद छोड़ने की मांग भी की। चेतावनी देते हुए सभासदों ने कहा कि यदि पालिका प्रशासन ने मांगों पर जल्द सकारात्मक कदम नहीं उठाया, तो इस आंदोलन को पालिका परिसर से निकालकर सड़क से होते हुए जिला मुख्यालय तक विस्तारित किया जाएगा। इस अवसर पर सभासद रजनीकांत, मनीष, उमराव, शिवबचन, विकास जायसवाल, प्रमोद यादव, सुरेंद्र साहू, राकेश प्रजापति, जुगुनू जायसवाल, सचिन वर्मा सहित कई अन्य सभासद मौजूद रहे।


