बलुआ घाट के अंत्येष्टि स्थल के विकास को शासन ने दिए 42.40 लाख रुपये, जमानिया नगर पालिका को बड़ी सौगात


शासनादेश जारी, निर्माण कार्य में गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए होगा थर्ड पार्टी निरीक्षण
जमानिया (गाजीपुर)। नगर के विकास और जनसुविधाओं के विस्तार की दिशा में जमानिया नगर पालिका को बड़ी सौगात मिली है। उत्तर प्रदेश शासन ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के अंतर्गत शहरी क्षेत्रों में अंत्येष्टि स्थल विकास योजना के तहत नगर के बलुआ घाट स्थित अंत्येष्टि स्थल के निर्माण एवं विकास के लिए 42.40 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की है। शासन की इस मंजूरी से लंबे समय से बेहतर सुविधाओं की जरूरत महसूस कर रहे अंत्येष्टि स्थल के कायाकल्प का रास्ता साफ हो गया है।
नगर विकास विभाग, उत्तर प्रदेश शासन की ओर से 16 नवंबर 2026 को जारी शासनादेश संख्या 05/2026 के तहत आदर्श नगर पालिका परिषद जमानिया के लिए यह धनराशि अनुमन्य की गई है। प्राप्त आगणन एवं निर्धारित मानकीकरण के आधार पर धनराशि स्वीकृत की गई है।
इस बजट से बलुआ घाट स्थित अंत्येष्टि स्थल पर आवश्यक निर्माण कार्य कराए जाएंगे और आधारभूत सुविधाओं का विकास किया जाएगा। इससे नगरवासियों को अंतिम संस्कार के दौरान बेहतर, व्यवस्थित और सम्मानजनक सुविधाएं मिल सकेंगी।
शासनादेश में निर्माण कार्य को निर्धारित मानकों एवं तकनीकी स्वीकृति के अनुरूप पूरा कराने का निर्देश दिया गया है। वहीं, कार्य की गुणवत्ता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए थर्ड पार्टी निरीक्षण की व्यवस्था भी की गई है।
इस संबंध में आदर्श नगर पालिका परिषद जमानिया के अध्यक्ष जयप्रकाश गुप्ता ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि नगर का विकास और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। शासन की योजनाओं का लाभ नगरवासियों तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने इस स्वीकृति के लिए शासन के प्रति आभार भी जताया।शासन से मिली 42.40 लाख रुपये की यह मंजूरी नगर के आधारभूत विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।



