जमानिया। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के ग्राम दाउदपुर में एक तिलक समारोह के दौरान पुरानी रंजिश को लेकर पिता-पुत्र पर लाठी-डंडों से हमला कर घायल कर दिया। गंभीर रूप से घायल पिता को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल और फिर वहा से ट्रॉमा सेंटर वाराणसी के लिए रेफर किया गया है। इलाज के बाद पीड़ित ने कोतवाली पहुंचकर चार नामजद आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी है। जिस पर पुलिस ने सोमवार को प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
तहरीर के अनुसार, दाउदपुर निवासी सुरेश राम बीते शनिवार की रात अपने 20 वर्षीय पुत्र प्रवीन्द कुमार के साथ गांव के ही रामअसीस राम के यहां आयोजित तिलक समारोह में गए थे। आरोप है कि रात करीब 11:30 बजे पुरानी रंजिश को लेकर रामअसीस राम और उसके तीन बेटों मुकेश, राहुल व मिथिलेश ने लाठी-डंडों से सुरेश राम पर हमला कर दिया। सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण सुरेश राम मौके पर ही बेहोश हो गए। बीच-बचाव करने आए उनके पुत्र प्रवीन्द को भी आरोपियों ने बेरहमी से पीटा, जिससे उसे भी गंभीर चोटें आई। किसी तरह प्रवीन्द अपने घायल पिता को लेकर जमानियां सरकारी अस्पताल पहुंचा, जहां गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें वाराणसी ट्रॉमा सेंटर के लिए रेफर कर दिया। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक राम सजन नागर ने बताया कि इलाज के बाद सोमवार को पीड़ित सुरेश राम की लिखित शिकायत पर पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।



