तहसील प्रशासन की बड़ी कार्रवाई,दो दशक पुराना अवैध कब्जा हटाया

जमानिया। कोतवाली क्षेत्र के सब्बलपुर कलां गांव में बुधवार को प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब दो दशक पुराने अवैध कब्जे को हटवा दिया। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला के निर्देश पर राजस्व टीम और भारी पुलिस बल बुलडोजर लेकर मौके पर पहुंचा, जिससे क्षेत्र में काफी देर तक गहमागहमी बनी रही।
जानकारी के मुताबिक, गांव निवासी बीरबल यादव पर आरोप था कि उन्होंने त्रिलोकीनाथ उपाध्याय, सत्यप्रकाश, अखिलेश और बृजेश उपाध्याय की लगभग पांच मंडा भूमि पर कच्चा निर्माण व टीनशेड डालकर पिछले 20 वर्षों से अवैध कब्जा कर रखा था। मामले को लेकर काश्तकारों ने अदालत का दरवाजा खटखटाया था। साक्ष्यों के आधार पर कोर्ट ने जमीन को कब्जा मुक्त कराकर मूल काश्तकारों को सौंपने का आदेश जारी किया था। अदालत के निर्देश के क्रम में जिलाधिकारी ने भी पूर्व में कब्जा हटाने का आदेश दिया था, लेकिन जमीन खाली नहीं की गई। इसके बाद बुधवार को प्रशासन लाव-लश्कर के साथ मौके पर पहुंचा। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया था। प्रशासनिक अमले और बुलडोजर को देखते ही कब्जाधारकों ने स्वयं ही टीनशेड और कच्चे निर्माण को हटाना शुरू कर दिया। इसके बाद राजस्व कर्मियों ने भूमि की विधिवत पैमाइश व निशानदेही कराकर उसे काश्तकारों के सुपुर्द कर दिया। पूरी कार्रवाई की रिपोर्ट डीएम को प्रेषित की गई है। मौके पर तहसीलदार जितेंद्र कुमार चतुर्थ, नायब तहसीलदार जितेंद्र कुमार पंचम, कानूनगो रामराज, नसीमुल्लाह, लेखपाल रमेश कुमार सोनकर, रविंद्र, अंगद सिंह यादव, रचित कुमार, धनंजय पटेल और ग्राम प्रधान ओमप्रकाश यादव उर्फ जज सहित भारी पुलिस बल मौजूद रहा। तहसीलदार जितेंद्र कुमार चतुर्थ ने स्पष्ट किया कि कोर्ट के आदेश पर कार्रवाई पूरी कर ली गई है‚ यदि भविष्य में दोबारा कब्जा करने का प्रयास किया गया तो संबंधित के विरुद्ध सख्त विधिक कार्रवाई की जाएगी।



