आक्रोश रैली निकाल कर व्यापारियों ने नगर अध्यक्ष का जताया विरोध

जमानिया।नगर पालिका परिषद द्वारा गृहकर, जलकर, जल निकासी कर और ट्रेड लाइसेंस शुल्क में की गई अप्रत्याशित 10 गुना वृद्धि तथा कथित भ्रष्टाचार के विरोध में स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों का आक्रोश चरम पर पहुंच गया है। सोमवार को तहसील स्थित रामलीला मैदान में चल रहे अनिश्चितकालीन क्रमिक धरना प्रदर्शन के दौरान पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत एक भव्य आक्रोश रैली निकाली गई।यह विशाल रैली हरपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय के पास से शुरू होकर दुरहिया और कस्बा बाजार होते हुए तहसील प्रांगण पहुंची। हाथों में तिरंगा झंडा और तख्तियां लिए बड़ी संख्या में व्यापारी और नगरवासी नारेबाजी करते हुए चल रहे थे। प्रदर्शनकारियों ने नगर पालिका प्रशासन और चेयरमैन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया और बढ़ी हुई दरों को जनविरोधी बताते हुए तत्काल वापस लेने की मांग की। इसके बाद प्रतिनिधिमंडल ने उपजिलाधिकारी निधि से मुलाकात कर उन्हें अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा। एसडीएम ने मामले की जांच के लिए दो से तीन दिनों में कमेटी गठित कर निष्पक्ष जांच के आधार पर उचित निर्णय लेने का आश्वासन दिया। धरना स्थल पर मौजूद मुन्ना गुप्ता और नारायण दास चौरसिया सहित अन्य लोगों ने संयुक्त रूप से कहा कि नगर पालिका मनमाने तरीके से 10 गुना टैक्स थोपकर आम जनता और व्यापारियों का शोषण कर रही है। जब तक यह जनविरोधी कर वृद्धि वापस नहीं ली जाती और भ्रष्टाचार की निष्पक्ष जांच नहीं कराई जाती, तब तक आंदोलन अनवरत जारी रहेगा। प्रदर्शन और धरने में मनोज कुमार वर्मा, दिनेश कुमार बिंद, अजय जायसवाल, विंध्याचल शर्मा, इम्तियाज शाह, तसव्वुर अंसारी, संतोष कुमार, एजाज अहमद, गुड्डू रौनियार, उपेन्द्र यादव, विकास कुमार, रोहित कुमार, शिवेन्द्र चौहान, अदालत सिंह यादव, कन्हैया लाल पांडेय, सतीश कुमार वर्मा, मनोज कुमार केसरी, मो. सादिक खान, रियाज सहित सैकड़ों की संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।




