एक माह बाद जागा स्वास्थ्य विभाग,श्री सिद्धार्थ नर्सिंग होम पर एफआईआर दर्ज
जमानिया। कोतवाली क्षेत्र के बूढ़ाडीह स्थित बिना पंजीकरण संचालित श्री सिद्धार्थ नर्सिंग होम में ऑपरेशन के बाद प्रसूता की मौत के मामले में स्वास्थ्य विभाग की तहरीर पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. रुद्राकांत सिंह की तहरीर पर नर्सिंग होम की कथित डॉक्टर आशा बिंद, संचालक/प्रबंधक और स्टाफ के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।मामला सबलपुर कलां निवासी वंदना का है, जिन्हें प्रसव पीड़ा होने पर उनके पति अनिल कुमार ने 11 जुलाई को बूढ़ाडीह स्थित उक्त अस्पताल में भर्ती कराया था। शाम लगभग 7 बजे ऑपरेशन के जरिए जुड़वा बच्चों का जन्म हुआ, लेकिन रात करीब 9 बजे प्रसूता को अत्यधिक रक्तस्राव शुरू हो गया। परिजनों को बिना स्पष्ट जानकारी दिए नर्सिंग होम प्रबंधन 12 जुलाई की सुबह लगभग 6 बजे अपने वाहन से महिला को वाराणसी स्थित एक अस्पताल ले गए और छोड़कर फरार हो गया। जिलाधिकारी के निर्देश पर गठित जांच टीम की रिपोर्ट में सामने आया कि श्री सिद्धार्थ नर्सिंग होम बिना किसी वैध पंजीकरण के फर्जी तरीके से मरीजों को गुमराह कर अवैध ऑपरेशन व उपचार कर रहा था। प्रभारी निरीक्षक राम सजन नागर ने बताया कि प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ रूद्रकांत सिंह की तहरीर के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया है । जांच की जा रही है।




