सीबीएसई क्लस्टर V फुटबॉल टूर्नामेंट में डिवाइन ग्लोबल स्कूल को तीसरा स्थान, विजयी खिलाड़ियों का भव्य स्वागत

जमानिया। इलाहाबाद के डीपीएस प्रयागराज में आयोजित सीबीएसई क्लस्टर V फुटबॉल अंडर 17 टूर्नामेंट में क्षेत्र के हरपुर स्थित डिवाइन ग्लोबल स्कूल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीसरा स्थान हासिल किया, जिससे विद्यालय समेत पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई।
प्रतियोगिता 2 अगस्त से 5 अगस्त 2025 तक चली, जिसमें डिवाइन ग्लोबल स्कूल की ओर से कुल 12 खिलाड़ियों की टीम ने भाग लिया। टीम की कमान कप्तान विमलेश यादव ने संभाली और बेहतरीन नेतृत्व करते हुए टीम को जीत दिलाई। खिलाड़ियों की जीत की खबर मिलते ही जब वे स्थानीय रेलवे स्टेशन पर पहुंचे, तो विद्यालय परिवार ने फूल-मालाओं के साथ उनका जोरदार स्वागत किया। इसके बाद विजयी खिलाड़ियों का जुलूस की शक्ल में स्कूल तक पहुंचाया गया, जहां पूरे विद्यालय परिसर में गर्व और उत्साह का माहौल देखने को मिला। विद्यालय में आयोजित सम्मान समारोह के दौरान खिलाड़ियों के साथ पीटीआई सुनील कुमार और टीम मैनेजर पवन चौरसिया को भी उनके मार्गदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। विद्यालय प्रबंधक प्रकाश यादव ने छात्रों की इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं, और कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की मेहनत, अनुशासन और टीम भावना का परिणाम है। उन्होंने आशा जताई कि आने वाले वर्षों में विद्यार्थी और भी उच्च स्तर पर विद्यालय का नाम रोशन करेंगे। इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या प्रियंका सरस्वती, एकाडमिक हैड रितु यादव, रामउग्रह सिंह, अवश्नी कुमार समेत विद्यालय के कई शिक्षक व अभिभावक उपस्थित रहे।




