
जमानिया। मिशन शक्ति के तहत कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय हेतिमपुर की कक्षा 8 की छात्रा कुमारी आशु को सोमवार को यूनियन बैंक ऑफ इंडिया, जमानिया शाखा का एक दिन का शाखा प्रबंधक बनाया गया।
शाखा प्रबंधक श्रीमती कृति श्रीवास्तव ने छात्रा आशु को अपनी कुर्सी पर बैठाकर प्रतीकात्मक रूप से प्रबंधक का दायित्व सौंपा और बैंकिंग कार्यों की बारीकियों से परिचित कराया। उन्होंने बैंक के दैनिक कार्यों, ग्राहकों से संवाद और प्रबंधकीय जिम्मेदारियों की विस्तार से जानकारी दी। इस अनोखे अवसर पर कस्तूरबा विद्यालय की अन्य छात्राएं भी मौजूद रहीं। उन्होंने बैंकिंग की मूलभूत प्रक्रियाओं को समझा और अपने सवाल पूछकर अनुभव प्राप्त किया। इस पहल से छात्राओं में उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम में विद्यालय की वार्डन अर्चना सिंह, महिला शिक्षक संघ की ब्लॉक अध्यक्ष प्रतिभा सिंह, छात्राएं मुस्कान, चांदनी समेत कई छात्राएं शामिल हुईं।




