
जमानियां। विकास खंड अंतर्गत सैदाबाद स्थित दमकल केंद्र पर तैनात एक फायर ब्रिगेड कर्मी सोमवार की सुबह सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल कर्मी को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, बलिया जनपद के निवासी मिथिलेश कुमार यादव (45 वर्ष) पुत्र शारदानंद यादव, जो वर्तमान में सैदाबाद दमकल विभाग में कार्यरत हैं, सोमवार सुबह किसी कार्य से मोटरसाइकिल द्वारा जा रहे थे। रास्ते में उनकी मोटरसाइकिल एकाएक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। इस दर्दनाक हादसे में मिथिलेश कुमार यादव को गंभीर चोटें आई हैं। सड़क पर गिरने के कारण उनका होंठ और चेहरा बुरी तरह से कट गया, जिससे अत्यधिक रक्तस्राव होने लगा। दुर्घटना के बाद मौके पर पहुंचे विभागीय साथियों और स्थानीय लोगों के सहयोग से उन्हें तत्काल कस्बा बाजार स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। पीएचसी के चिकित्सकों ने प्राथमिक मरहम-पट्टी की, लेकिन घाव गहरे और चोट गंभीर होने के कारण उन्हें तत्काल जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। वर्तमान में घायल कर्मी का उपचार जारी है।



