
जमानिया। आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से गुरुवार को स्थानीय कोतवाली के सभागार में शांति समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता उपजिलाधिकारी ज्योति चौरसिया एवं क्षेत्राधिकारी अनिल कुमार ने संयुक्त रूप से की। बैठक में आगामी ईद और चैत्र नवरात्रि को देखते हुए क्षेत्र के संभ्रांत नागरिकों और विभिन्न समुदायों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।
बैठक को संबोधित करते हुए उपजिलाधिकारी ज्योति चौरसिया ने कहा कि त्योहार हमारी साझा संस्कृति और आपसी प्रेम के प्रतीक हैं। उन्होंने प्रशासन की ओर से अपील की कि सभी पर्वों को आपसी भाईचारे और गंगा-जमुनी तहजीब के साथ मनाएं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि त्योहारों के दौरान साफ-सफाई, निर्बाध बिजली और पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए ताकि श्रद्धालुओं और आम जनता को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। वहीं क्षेत्राधिकारी अनिल कुमार ने सुरक्षा व्यवस्था पर जोर देते हुए कहा कि क्षेत्र में अमन-चैन बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अराजक तत्वों पर पैनी नजर रखी जा रही है और किसी भी प्रकार की गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने जनता से संवाद करते हुए कहा कि त्योहारों के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राम सजन नागर ने उपस्थित लोगों को आश्वस्त किया कि त्योहारों के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहेंगे और पुलिस बल पूरी तरह मुस्तैद रहेगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि सोशल मीडिया पर फैलाई जाने वाली किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और कोई भी संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें। बैठक के दौरान किसी भी पक्ष द्वारा कोई विशेष शिकायत दर्ज नहीं कराई गई और क्षेत्र में पूरी तरह से कुशलता एवं शांति का माहौल बताया गया। इस अवसर पर क्षेत्र के विभिन्न समुदायों के गणमान्य व्यक्ति, ग्राम प्रधान और पुलिस विभाग के अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।



