
तहसील में प्राइवेट कर्मियों का बोलबाला, बार एसोसिएशन ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
गाज़ीपुर!जमानिया तहसील कार्यालय के विभिन्न महत्वपूर्ण पटलों और विशेषकर आपूर्ति विभाग में प्राइवेट कर्मचारियों की अनधिकृत मौजूदगी से आम जनता और अधिवक्ताओं में भारी रोष व्याप्त है। इस गंभीर मुद्दे को लेकर जमानिया बार एसोसिएशन के अध्यक्ष जयप्रकाश और सचिव मुनेश के नेतृत्व में अधिवक्ताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने उपजिलाधिकारी (एसडीएम) को ज्ञापन सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
अधिवक्ताओं का आरोप है कि सरकारी कुर्सियों पर बैठकर कार्य कर रहे ये निजी व्यक्ति न केवल नियमों के विरुद्ध हैं, बल्कि इनके कारण सरकारी कार्यप्रणाली में भ्रष्टाचार और पारदर्शिता का अभाव बढ़ रहा है। अधिवक्ता पंकज तिवारी ने वस्तुस्थिति से अवगत कराते हुए बताया कि तहसील के संवेदनशील पटलों पर बाहरी और प्राइवेट लोगों के तैनात होने से अधिवक्ताओं के साथ-साथ दूर-दराज से आने वाले ग्रामीणों को काफी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। ये कर्मचारी मामूली आर्थिक लाभ के लालच में आम नागरिकों को परेशान करते हैं, जिससे जरूरी सरकारी कार्यों में अनावश्यक देरी होती है। बार एसोसिएशन ने अपने ज्ञापन में स्पष्ट रूप से मांग की है कि सभी महत्वपूर्ण पटलों से प्राइवेट कर्मियों को तत्काल प्रभाव से हटाकर केवल नियमित और सरकारी कर्मचारियों की ही नियुक्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि तहसील परिसर में भ्रष्टाचार मुक्त और पारदर्शी वातावरण बना रहे। ज्ञापन सौंपने के दौरान अधिवक्ता बृजेश सिंह कुशवाहा, अरविंद राय, घनश्याम सिंह, शशिभूषण राय सहित बड़ी संख्या में अन्य अधिवक्ता मौजूद रहे। अधिवक्ताओं की इस सामूहिक कार्रवाई को तहसील प्रशासन की कार्यशैली में सुधार और जनता के हितों की रक्षा की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है। अब क्षेत्र की जनता और अधिवक्ताओं को उपजिलाधिकारी की ओर से होने वाली त्वरित कार्रवाई का इंतजार है, ताकि तहसील के कामकाज में सुगमता और ईमानदारी बहाल हो सके।



