
जमानियां (गाजीपुर)। ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम बरुइन स्थित राजकिशोर सिंह महाविद्यालय के मैदान में बबुआन स्पोर्टिंग क्लब के तत्वाधान में आयोजित नाईट क्रिकेट प्रतियोगिता का फाइनल मैच शनिवार को डिग्घी चन्दौली व एफसीसी गाजीपुर के बीच खेला गया। फाइनल मैच के रोमांचक मुकाबले में पहले टॉस जीतकर डिग्घी चन्दौली की टीम ने निर्धारित आठ ओवर में चार विकेट खोकर 65 रन बनाते हुए जीत के लिए 66 रन का विशाल लक्ष्य दिया। जबाब में उतरी एफसीसी गाजीपुर की टीम ने निर्धारित लक्ष्य का पीछा करते हुए अच्छी शुरुआत की लेकिन डिग्घी चन्दौली टीम की बेहतर गेंदबाजी व क्षेत्ररक्षण के आगे गाजीपुर की टीम बौनी नजर आने लगी और 6 ओवर में सभी विकेट खोकर मात्र 48 रन बनाकर आसानी से डिग्घी चन्दौली की झोली में विजय श्री का खिताब दे दिया। मैन ऑफ द मैच डिग्घी चन्दौली के खिलाड़ी राजेश व मैन ऑफ द सीरीज राहुल रहे। विजेता टीम को मुख्य अतिथि युवा सपा नेता रितेश सिंह व प्रधान प्रतिनिधि रणवीर सिंह ने विजेता कप व नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया वही उप विजेता टीम को समाजसेवी दिलीप सिंह ने उप विजेता कप व नगद राशि देकर सम्मानित किया। खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि ने कहा कि खेल से ही खिलाड़ी की पहचान होती है तथा एक क्षेत्र का दूसरे क्षेत्र से जुड़ाव व सामंजस्य स्थापित होता है। खेल ही वह माध्यम है, जिससे कम समय में खिलाड़ी उंचाईयों तक पहुंच कर क्षेत्र व देश का नाम रोशन कर सकता है। उक्त मौके पर प्रबंध निदेशक रणविजय सिंह, सभासद प्रमोद यादव, शिक्षक प्रभाकर सिंह, भरत सिंह, राकेश सिंह मन्टू, एड० पंकज सिंह, विनय सिंह बिट्टू, जयप्रकाश सिंह पप्पू, भरत सिंह बीडीसी, सोनू सिंह, मेराज खाँ, सुमित सिंह, निशांत सिंह, अभिषेक, रोशन, अंकेश, शशि, छोटू, सत्यम, राहुल, राज, चन्दन, बलिराम, रवि, शिवम, भुटकन आदि लोग मौजूद रहे। निर्णायक की भूमिका अभिषेक सिंह बंटी व अमित सिंह गोलू ने निभाई।



