
जमानिया। स्तरीय ‘स्कूल चलो अभियान’ के अंतर्गत शुक्रवार को न्याय पंचायत देवड़ी में शिक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से एक भव्य रैली का आयोजन किया गया। इस रैली का शुभारंभ पूर्व माध्यमिक विद्यालय कर्महरी के प्रांगण से किया गया, जिसे खंड शिक्षा अधिकारी सुनील कुमार ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
हाथों में स्लोगन लिखी तख्तियाँ लिए और उत्साहपूर्ण नारे लगाते हुए स्कूली बच्चों की यह रैली ग्राम सभा कर्महरी के विभिन्न वार्डों, जिनमें नेवादा, चुलबुल का डेरा और गुमौली शामिल हैं, से होकर गुजरी। शिक्षा की अलख जगाते हुए यह रैली पुनः प्राथमिक विद्यालय कर्महरी के प्रांगण में पहुँचकर संपन्न हुई। रैली के उपरांत आयोजित सभा को संबोधित करते हुए खंड शिक्षा अधिकारी सुनील कुमार ने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों का प्रवेश परिषदीय विद्यालयों में कराएं और उन्हें शिक्षा के मुख्य मार्ग से जोड़ें। कार्यक्रम में उपस्थित अकादमिक रिसोर्स पर्सन अरविंद कुमार सिंह ने परिषदीय विद्यालयों की आधुनिक सुविधाओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आज हमारे सरकारी विद्यालय किसी भी निजी स्कूल से कम नहीं हैं। विद्यालयों में कंप्यूटर लैब, स्मार्ट क्लास, इको क्लब और ‘लर्निंग बाय डूइंग’ जैसी लैब की सुविधाएँ दी जा रही हैं, ताकि बच्चों का सर्वांगीण विकास हो सके। इस अवसर पर शैक्षणिक उत्कृष्टता को प्रोत्साहित करते हुए प्राथमिक विद्यालय कर्महरी की कक्षा 5 की छात्रा अनामिका को कक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर खंड शिक्षा अधिकारी द्वारा प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान मुख्य रूप से ब्लॉक अध्यक्ष सुरेंद्र नाथ सिंह, मंत्री एवं नोडल शिक्षक विनोद सिंह, प्रेम कुमार सिंह, अखिलेश, सुरेश, बृजेश उपाध्याय, शशि कांत चौबे, अर्चना तिवारी, निवास पाल, धर्मेंद्र पाठक और गोविंद यादव सहित भारी संख्या में शिक्षक एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।




