उत्तर प्रदेशगाजीपुरसेवराइंहादसा

तालाब में डूबने से व्‍यक्ति की मौत, परिजनों में मचा कोहराम

गाजीपुर। गहमर कोतवाली क्षेत्र के सेवराई गांव में मंगलवार देर रात तालाब में डूबने से एक 45 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। बुधवार सुबह तालाब की मेड़ पर चप्पल और मोटरसाइकिल देख ग्रामीणों को अनहोनी की आशंका हुई। जब लोगों ने तालाब में देखा तो एक व्यक्ति का शव पानी में उतराता मिला। घटना की सूचना तत्काल गहमर पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही गहमर पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को तालाब से बाहर निकलवाया। शिनाख्त के दौरान मृतक की पहचान पंकज सिंह (45 वर्ष) पुत्र ब्रह्म दयाल सिंह, निवासी सेवराई, के रूप में हुई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। ग्रामीणों का अनुमान है कि देर रात पंकज सिंह तालाब की मेड़ पर बैठे होंगे और संभवतः नींद आने के कारण तालाब में गिर गए। गहरे पानी में डूबने से उनकी मौत हो गई। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। घटना से मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया है। परिवार की महिलाओं सहित अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक का माहौल है। गहमर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक नंदकुमार तिवारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में अन्य आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page