
जमानियां, गाजीपुर। स्टेशन बाजार स्थित हिंदू पीजी कॉलेज में मंगलवार को वरिष्ठ कवि, सफ़ल मंच संचालक हरि नारायण सिंह हरीश जी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। ज्ञात हो कि जनपद के विख्यात कवि एवं कुशल मंच संचालक हरि नारायण सिंह हरीश जी का सोमवार को निधन हो गया था। निधन की सूचना के उपरांत महाविद्यालय में प्राचार्य प्रो श्रीनिवास सिंह की अध्यक्षता में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया, जिसमें दो मिनट का मौन रखकर गतात्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की गई। तत्पश्चात राजनीतिशास्त्र विभाग के पूर्व अध्यक्ष डॉ मदन गोपाल सिन्हा ने हरीश जी के व्यक्तित्व और कृतित्व पर विस्तार से चर्चा करते हुए सिंह साहब को भारी मन से श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम में हिंदी विभागाध्यक्ष प्रो अखिलेश कुमार शर्मा शास्त्री, आईक्यूएसी प्रभारी प्रो अरुण कुमार, इतिहास विभागाध्यक्ष डॉ संजय कुमार सिंह, असिस्टेंट प्रोफेसर हिंदी बिपिन कुमार, हिंदी विभाग के सहायक आचार्य डॉ अभिषेक तिवारी, वरिष्ठ सहायक डॉ अमित कुमार सिंह, इंद्रभान सिंह मुन्ना राम, दिग्विजय सिंह, पप्पू कुमार आदि ने अपने प्रिय कवि को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की और उनकी मृत्यु को अपूरणीय क्षति बताया।
इसी क्रम में सौरभ साहित्य परिषद के संस्थापक व वरिष्ठ साहित्यकार राजेंद्र सिंह के बरूइन स्थित निवास पर शोक सभा का आयोजन किया गया। राजेंद्र सिंह ने हरीश जी को आत्मीय श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि हिन्दी साहित्य के शलाका पुरुष, बहुचर्चित सफल मंच संचालक एवं कालजयी साहित्यकार के निधन से साहित्य जगत ने एक बेशकीमती हीरा खो दिया है। जो साहित्य जगत की अपूरणीय क्षति है। वे लेखनी के बेताज बादशाह थे साथ ही मंच संचालन से लोगों को अंत तक साहित्य से बांधे रखने की कला के धनी थे। उन्हें साहित्य जगत जीवन पर्यन्त नहीं भूल पायेंगा। उक्त मौके पर पूर्व प्रधानाचार्य छेदी सिंह, पूर्व प्रधानाध्यापक रामअवतार सिंह, प्रवक्ता केडी सिंह, डॉ सुरेश राय, डॉ मदन गोपाल सिन्हा आदि ने गतात्मा की शांति एवं परिवार के सदस्यों को असह्य दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करने हेतु जगत नियंता परम पिता परमात्मा से प्रार्थना की। शोक सभा की अध्यक्षता केडी सिंह एवं संचालन डॉ मदन गोपाल सिन्हा ने किया।



