उत्तर प्रदेशक्राइमगाजीपुरज़मानिया

डेढ़ करोड़ के मादक पदार्थ के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

जमानिया। अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एएनटीएफ गाजीपुर और कोतवाली पुलिस की संयुक्त पुलिस टीम को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले दो शातिर अंतर्राज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है, जिनके कब्जे से 520 ग्राम नाजायज हेरोइन बरामद हुई है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस बरामद खेप की अनुमानित कीमत लगभग 1 करोड़ 40 लाख 40 हजार रुपये बताई जा रही है। तस्करों के पास से पुलिस ने दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन और तस्करी में इस्तेमाल की जाने वाली दो मोटरसाइकिलें भी बरामद की हैं।

प्रभारी निरीक्षक राम सजन नागर ने बताया कि प्रभारी निरीक्षक एएनटीएफ सुरेन्द्रनाथ सिंह और उपनिरीक्षक राजकुमार यादव अपनी टीम के साथ सोमवार को देवरिया चौकी के आसपास चेकिंग और सुरागरसी में मामूर थे। इसी दौरान मुखबिर की सटीक सूचना पर ग्राम खिजिरपुर स्थित मथारे चट्टी के पास से दो संदिग्धों को पकड़ा गया। पकड़े गए अभियुक्तों की पहचान अविनाश कुमार निवासी कुदरा और राजू कुमार रावत निवासी रामगढ़, जनपद कैमूर भभुआ (बिहार) के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि वे मादक पदार्थों की यह खेप बिहार के मोहनिया से लाकर गाजीपुर और आसपास के जिलों में घूम-घूम कर बेचते थे और उससे मिलने वाले मुनाफे को आपस में बांट लेते थे। पुलिस ने दोनों अभियुक्तों के खिलाफ थाना जमानियां में एनडीपीएस एक्ट की सुसंगत धाराओं के तहत मुकदमा पंजीकृत कर उन्हें जेल भेजने की विधिक कार्यवाही शुरू कर दी है। इस महत्वपूर्ण सफलता में एएनटीएफ और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम की सराहनीय भूमिका रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page