राजस्व टीम के सामने ही उखाड़ फेंका सीमांकन का पत्थर, वायरल वीडियो से मचा हड़कंप

गाजीपुर। जखनियां तहसील क्षेत्र के सिखड़ी (गेल्हना) गांव में राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम के सामने ही पैमाइश के दौरान गाड़ा गया सीमांकन पत्थर उखाड़कर फेंकने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार गांव निवासी गंगाधर तिवारी और चंद्रिका चौबे के बीच लंबे समय से भूमि विवाद चल रहा है। विवाद के निस्तारण के लिए राजस्व विभाग एवं पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची थी और नियमानुसार पैमाइश कर सीमांकन का कार्य किया जा रहा था। इसी दौरान आरोप है कि द्वितीय पक्ष के चंद्रिका चौबे ने मौके पर मौजूद टीम के सामने ही गाड़ा गया पत्थर उखाड़कर फेंक दिया, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई।
घटना का वीडियो किसी व्यक्ति द्वारा मोबाइल में रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर डाल दिया गया, जो तेजी से वायरल हो रहा है। मामले को लेकर प्रथम पक्ष के अंजनी तिवारी ने दुल्लहपुर थाने में तहरीर देकर एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।
इस संबंध में उपजिलाधिकारी जखनियां अतुल कुमार ने बताया कि मामला संज्ञान में है। मेरे द्वारा सुबह स्वयं मौके का निरीक्षण किया जाएगा, जिसके बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।



