डीएम के आदेश पर 11भूमि विवादों का राजस्व टीम ने किया निस्तारण

जमानिया। जिलाधिकारी गाजीपुर के आदेश पर मंगलवार को तहसील के विभिन्न क्षेत्रों में भूमि विवाद निस्तारण हेतु विशेष अभियान चलाया गया। इस महत्वपूर्ण अभियान के दौरान राजस्व निरीक्षकों और लेखपालों की कुल 5 टीमों ने पुलिस बल के साथ मिलकर विभिन्न ग्रामों में कार्यवाही की, जिसके परिणामस्वरूप कुल 11 भूमि विवादों का मौके पर निस्तारण किया गया। प्रशासन की इस मुस्तैदी से विभिन्न ग्रामों में कुल 1.21 हेक्टेयर भूमि को अवैध कब्जे से मुक्त कराते हुए सुरक्षित किया गया।
तहसीलदार राम नरायण वर्मा ने बताया कि अभियान के तहत ग्राम देवरिया में राजस्व टीम ने खलिहान की 0.126 हेक्टेयर भूमि को अवैध कब्जे से मुक्त कराया और न्यायालय के आदेशानुसार गाटा संख्या 402 में पत्थर नसब कराकर भूमि प्रधान को सुपुर्द कर दी। इसी प्रकार ग्राम हमीदपुर में सार्वजनिक निर्माण विभाग की 0.061 हेक्टेयर भूमि और 0.052 हेक्टेयर चकरोड की भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया। ग्राम नूरपुर में चकनाली का सीमांकन कर उसे पुनः बनवाया गया। ग्राम गोहदा विशुनपुरा में गाटा संख्या 317 की 0.234 हेक्टेयर बंजर भूमि को नाला निर्माण हेतु सुरक्षित किया गया, जबकि इसी ग्राम के अन्य गाटा संख्या 354 और 355 में चल रहे आपसी विवादों का भी सफल निस्तारण किया गया। इसके अतिरिक्त ग्राम गौरा में निर्माण कार्य संबंधी विवाद और ग्राम पचोखर में आबादी की भूमि में दरवाजा खोलने को लेकर चल रहे विवादों को राजस्व टीम ने मौके पर सुलझाया। इस पूरे अभियान का नेतृत्व राजस्व निरीक्षक रामराज, नसीब उल्लाह, अजय यादव और शाह आलम की टीमों द्वारा किया गया। अधिकारियों ने बताया कि तहसील क्षेत्र में कुल 6 ग्रामों में चली इस कार्यवाही से सरकारी और निजी भूमि विवादों में बड़ी राहत मिली है।



