उत्तर प्रदेशगाजीपुरप्रशासनिक

छह थाना प्रभारियों का स्थानांतरण

गाजीपुर। पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने कानून व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने तथा जनहित को ध्यान में रखते हुए जिले के पुलिस विभाग में व्यापक फेरबदल किया है। जारी आदेश के अनुसार छह निरीक्षक एवं उपनिरीक्षकों का तत्काल प्रभाव से स्थानांतरण किया गया है। तबादला सूची के अनुसार निरीक्षक राजनारायण को प्रभारी निरीक्षक थाना कासिमाबाद से प्रभारी निरीक्षक थाना करीमुद्दीनपुर भेजा गया है। वहीं निरीक्षक राजेश कुमार को प्रभारी निरीक्षक थाना सैदपुर से कासिमाबाद का नया प्रभारी निरीक्षक बनाया गया है। पुलिस लाइन में तैनात निरीक्षक अनिल कुमार सिंह को थाना सैदपुर का प्रभारी नियुक्त किया गया है।
उपनिरीक्षक स्तर पर भी महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। उपनिरीक्षक धीरेन्द्र कुमार सोनकर को थानाध्यक्ष बरेसर से थानाध्यक्ष नगसर तथा उपनिरीक्षक ओम प्रकाश को थानाध्यक्ष नगसर से थानाध्यक्ष बरेसर स्थानांतरित किया गया है। इसके अलावा उपनिरीक्षक रमेश कुमार को थानाध्यक्ष करीमुद्दीनपुर से हटाकर थाना मरदह में वरिष्ठ उपनिरीक्षक के पद पर तैनात किया गया है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा जारी आदेश में सभी अधिकारियों को तत्काल नवीन तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं। माना जा रहा है कि यह फेरबदल जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत तथा पुलिसिंग को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से किया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page