जाम और अतिक्रमण को लेकर प्रशासन सख्त

जमानिया। लगातार लग रहे भीषण जाम और सड़क पर फैले अतिक्रमण को लेकर स्थानीय स्टेशन बाजार में पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। रविवार कि शाम पुलिस ने बाजार में अभियान चलाते हुए सड़क पर अवैध कब्जा जमाने वाले करीब 70 दुकानदारों का चालान काटा। पुलिस की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई से अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया।
स्टेशन बाजार में दुकानों के आगे सामान रखने और वाहनों के बेतरतीब खड़े होने के कारण आए दिन लंबा जाम लग रहा था। इससे राहगीरों, यात्रियों और स्थानीय नागरिकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। जाम की लगातार मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने बाजार में सघन अभियान चलाया और नियमों की अनदेखी करने वालों पर कार्रवाई की। स्टेशन चौकी प्रभारी अश्वनी प्रताप सिंह ने बताया कि स्टेशन बाजार में अतिक्रमण के चलते बार-बार जाम लगने की शिकायतें मिल रही थीं। इसी क्रम में कार्रवाई करते हुए करीब 70 दुकानदारों का चालान किया गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि दुकानदार अपनी हद में रहें और सड़क पर सामान न फैलाएं। यदि दोबारा अतिक्रमण कर आवागमन बाधित किया गया, तो और भी कड़ी विधिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।



