भैंस चोरी करने पहुंचे शातिर गिरोह से पुलिस की मुठभेड़, एक को लगी गोली; पांच गिरफ्तार

जमानियां/दिलदारनगर। अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दिलदारनगर और जमानियां पुलिस की संयुक्त टीम ने रकसहा कांशीराम आवास योजना में छापेमारी कर भैंस चोरी करने वाले गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया। इस दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश रामकुमार के पैर में गोली लगी, जिसे उपचार के लिए सीएचसी भदौरा भेजा गया।
पुलिस के अनुसार, मौके से एक .315 बोर का तमंचा, खोखा व जिंदा कारतूस, पिकअप, स्कॉर्पियो, चोरी की एक भैंस और 62 हजार रुपये नकद बरामद हुए। गिरफ्तार आरोपियों में बिहार के कैमूर निवासी रामकुमार व बिमेलश नट, वाराणसी निवासी रिफान शेख तथा चंदौली निवासी शबी हैदर उर्फ गुड्डू और मोहम्मद आरिफ शामिल हैं।
कार्रवाई थानाध्यक्ष दिलदारनगर संतोष कुमार राय और प्रभारी निरीक्षक जमानियां योगेंद्र सिंह की संयुक्त टीम ने की। पुलिस ने मुठभेड़ और बरामदगी के संबंध में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।



