जमानियां में सभासदों का धरना सातवें दिन भी जारी, इस्तीफे की चेतावनी

नवीन गृहकर वसूली और आउटसोर्सिंग कर्मचारियों के कथित दुरुपयोग को लेकर चेयरमैन के खिलाफ खोला मोर्चा
जमानियां (गाजीपुर)। स्थानीय नगर पालिका परिषद में नवीन गृहकर की कथित जबरन वसूली और आउटसोर्सिंग कर्मचारियों के निजी हित में इस्तेमाल किए जाने के आरोपों को लेकर सभासदों का अनिश्चितकालीन धरना बुधवार को सातवें दिन भी जारी रहा। धरने पर बैठे सभासदों ने नगर पालिका अध्यक्ष जयप्रकाश गुप्ता के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों पर तत्काल निर्णय लेने की मांग की। सभासदों ने मांगें पूरी नहीं होने पर राज्यपाल को संबोधित त्यागपत्र जिलाधिकारी के माध्यम से उपजिलाधिकारी जमानियां को सौंपने की चेतावनी दी है।
धरनारत सभासदों का आरोप है कि नगर पालिका अध्यक्ष आउटसोर्सिंग कर्मचारियों का इस्तेमाल पालिका के कार्यों के बजाय निजी हितों के लिए कर रहे हैं। वहीं, नवीन गृहकर की वसूली के मामले में बोर्ड के प्रस्तावों और प्रशासनिक आदेशों की अनदेखी की जा रही है। सभासदों ने अध्यक्ष पर तानाशाहीपूर्ण रवैया अपनाने, वादाखिलाफी करने, सत्ता का दुरुपयोग करने और सभासदों के खिलाफ कथित तौर पर एससी-एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कराने का दबाव बनाने जैसे आरोप भी लगाए हैं।
सभासदों का कहना है कि नगर पालिका के कर्मचारियों से संबंधित मामलों और गृहकर वसूली को लेकर उनकी आपत्तियों पर अब तक संतोषजनक कार्रवाई नहीं हुई है। इसी के विरोध में वे अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द निर्णय नहीं लिया गया तो सभी सभासद सामूहिक रूप से त्यागपत्र देने के लिए बाध्य होंगे। इसकी जिम्मेदारी नगर पालिका प्रशासन की होगी।
धरने में सुरेंद्र चौधरी साहू, राकेश प्रजापति, विकास जायसवाल, प्रमोद यादव, मोहन गुप्ता, राहुल वर्मा, आशीम खां, सचिन वर्मा, अंजनी गुप्ता, शमीम अंसारी, शिवबचन यादव, उमराव यादव और मोहन राम सहित अन्य सभासद मौजूद रहे।




