जमानिया में 24 से 26 अक्टूबर तक होगा महर्षि जमदग्नि ऋषि की प्रतिमा का प्राण प्रतिष्ठा समारोह

तीन दिवसीय धार्मिक आयोजन में कलश पूजन, प्रतिमा स्थापना, सांस्कृतिक कार्यक्रम और भंडारे का होगा आयोजन
जमानिया, गाजीपुर। नगर के तहसील मुख्यालय स्थित रामलीला मैदान में 24 से 26 अक्टूबर तक सप्त ऋषियों में शामिल महर्षि जमदग्नि ऋषि की प्रतिमा स्थापना एवं प्राण प्रतिष्ठा समारोह आयोजित किया जाएगा। तीन दिवसीय आयोजन में वैदिक अनुष्ठानों के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम और भंडारे का आयोजन होगा।
कार्यक्रम के संयोजक एवं नगर पालिका परिषद जमानिया के अध्यक्ष जयप्रकाश गुप्ता ने क्षेत्र के श्रद्धालुओं और नगरवासियों से समारोह में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने कहा कि महर्षि जमदग्नि ऋषि की प्रतिमा स्थापना भारतीय संस्कृति, सनातन परंपरा और ऋषि विरासत के संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को धार्मिक एवं सांस्कृतिक मूल्यों से जोड़ते हैं।
यह रहेगा कार्यक्रम
24 अक्टूबर, शनिवार को सुबह आठ बजे कलश पूजन के साथ समारोह का शुभारंभ होगा। 25 अक्टूबर, रविवार को महर्षि जमदग्नि ऋषि की प्रतिमा स्थापना एवं प्राण प्रतिष्ठा का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। वहीं, 26 अक्टूबर, सोमवार को दोपहर एक बजे भंडारा और अपराह्न तीन बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे।
आयोजकों ने श्रद्धालुओं से परिवार सहित पहुंचकर धार्मिक अनुष्ठानों में सहभागिता करने और कार्यक्रम को सफल बनाने का आह्वान किया है।
कार्यक्रम स्थल: रामलीला मैदान, तहसील मुख्यालय, जमानिया, गाजीपुर।
संयोजक: जयप्रकाश गुप्ता, अध्यक्ष, श्री प्राचीन रामलीला समिति ट्रस्ट एवं अध्यक्ष, आदर्श नगर पालिका परिषद जमानिया।
निवेदक: बालकृष्ण त्रिवेदी, वरिष्ठ भाजपा नेता, गाजीपुर।



