उत्तर प्रदेशगाजीपुरज़मानियाधर्म

पांच दिवसीय मानव धर्म सम्मेलन एवं रामलीला मंचन का भव्य आयोजन

भक्तिमय हुआ रघुनाथपुर
कथा प्रवचन, भजन-कीर्तन और रामलीला के माध्यम से श्रद्धालुओं को दिया मानवता का संदेश

जमानियां (गाजीपुर)। मानव धर्म प्रसार समाज सेवा संस्था की शाखा रघुनाथपुर, जमानियां के तत्वावधान में प्राथमिक विद्यालय के समीप आयोजित पांच दिवसीय वार्षिक मानव धर्म सम्मेलन एवं धार्मिक कार्यक्रम श्रद्धा और भक्तिमय वातावरण में संपन्न हुआ। इस दौरान कथा प्रवचन, हवन-पूजन, भजन-कीर्तन और रामलीला मंचन ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।
आयोजक विजय बहादुर यादव के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में वृंदावन से पधारीं कथा वाचिका रोशनी जी और बक्सर (बिहार) से आए कथावाचक हिमांशु जी महाराज ने पांच दिनों तक कथा प्रवचन किया। उन्होंने धर्म, भक्ति, प्रेम, सदाचार और मानवता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए लोगों को नैतिक मूल्यों को अपनाने की प्रेरणा दी। वहीं प्रतिदिन रात्रि में रामलीला का मंचन किया गया, जिसमें कलाकारों ने भगवान श्रीराम के जीवन प्रसंगों और आदर्शों का सुंदर चित्रण किया।
पांच दिनों तक चले इस धार्मिक आयोजन में हवन-पूजन, भजन-कीर्तन और प्रवचन से पूरा क्षेत्र भक्तिमय बना रहा। समापन अवसर पर भजन-कीर्तन और प्रवचन के साथ विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
कार्यक्रम में आदर्श नगर पालिका परिषद जमानियां के अध्यक्ष जयप्रकाश गुप्ता, पूर्व मंडल अध्यक्ष नृपेंद्र उपाध्याय, अनिल गुप्ता, भाजपा जिला मंत्री पप्पू कुशवाहा और विधानसभा मीडिया प्रभारी संजीत यादव सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक एवं धर्मप्रेमी उपस्थित रहे।
वक्ताओं ने कहा कि ऐसे धार्मिक एवं सामाजिक आयोजन समाज में आपसी भाईचारा, प्रेम और सद्भाव को बढ़ावा देने के साथ ही सांस्कृतिक एवं नैतिक मूल्यों को मजबूत करते हैं। मानव धर्म का मूल उद्देश्य मानवता की सेवा करना तथा सत्य, न्याय और सदाचार के मार्ग पर चलना है।
अंत में आयोजक विजय बहादुर यादव ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले संत-महात्माओं, अतिथियों, ग्रामवासियों और क्षेत्रवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page