उत्तर प्रदेशक्राइमगाजीपुरज़खानियाँ

90 लाख की हेरोइन के साथ बिहार का तस्कर गिरफ्तार, ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे अंडरपास पर पुलिस ने दबोचा

459 ग्राम हेरोइन, आईफोन और ऑल्टो कार बरामद; बलिया के सप्लायर समेत अन्य तस्करों की तलाश में जुटी पुलिस

जमानियां (गाजीपुर)। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में नोनहरा पुलिस और एएनटीएफ की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। टीम ने रविवार को एकडगवा-सुसुंडी स्थित ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे अंडरपास के पास घेराबंदी कर हेरोइन की तस्करी में संलिप्त एक आरोपी को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 459 ग्राम अवैध हेरोइन बरामद हुई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 90 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही मारुति सुजुकी ऑल्टो कार भी जब्त की है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान बिहार के बक्सर जिले के डुमरांव थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 33, अपकारी गली निवासी कृष्णा कुमार दुबे (26) पुत्र विपिन दुबे के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके पास से एक आईफोन, एक पर्स, एचडीएफसी बैंक के दो कार्ड, एक अन्य कार्ड और 350 रुपये नकद भी बरामद हुए।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसे कथरिया निवासी यशवंत ने हेरोइन उपलब्ध कराई थी। उसे नोनहरा थाना क्षेत्र में ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे पर एक व्यक्ति को हेरोइन पहुंचानी थी। आरोपी के मुताबिक, व्हाट्सएप कॉल के जरिए संपर्क होने के बाद उसे खेप सौंपनी थी और इसके बदले मिलने वाली रकम आपस में बांटनी थी। हालांकि, डिलीवरी से पहले ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ नोनहरा थाने में मुकदमा संख्या 337/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21/29/60 में प्राथमिकी दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पूछताछ से मिले इनपुट के आधार पर पुलिस हेरोइन की सप्लाई करने वाले और उसे प्राप्त करने वाले नेटवर्क की पड़ताल कर रही है। पुलिस का कहना है कि तस्करी से जुड़े अन्य सहयोगियों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में की गई। संयुक्त टीम में नोनहरा थानाध्यक्ष विवेक कुमार तिवारी और एएनटीएफ गाजीपुर के प्रभारी निरीक्षक सुरेंद्र नाथ सिंह अपनी-अपनी टीम के साथ शामिल रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page