श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाई गई अक्षय नवमी, आंवले के वृक्ष की पूजा कर मांगी सुख-समृद्धि

आंवला नवमी पर मंदिरों और धार्मिक स्थलों पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, पूजा-अर्चना के बाद हुआ प्रसाद वितरण
जमानियां (गाजीपुर)। नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में बुधवार को अक्षय नवमी का पर्व श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की नवमी तिथि पर सुबह से ही विभिन्न स्थानों पर आंवले के वृक्ष के नीचे पूजा-अर्चना के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी रही। महिलाओं और पुरुषों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से पूजन कर परिवार की सुख-समृद्धि, आरोग्यता और खुशहाली की कामना की।
पर्व के अवसर पर श्रद्धालुओं ने आंवले के वृक्ष की परिक्रमा कर भगवान विष्णु का पूजन किया। पूजा-अर्चना के बाद कई स्थानों पर प्रसाद वितरण और भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने शामिल होकर प्रसाद ग्रहण किया।
पर्व के धार्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए पंडित रिपुंजय मिश्रा ने बताया कि अक्षय नवमी को आंवला नवमी और सतयुगादि नवमी के नाम से भी जाना जाता है। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, इसी तिथि से सतयुग का आरंभ हुआ था और इस दिन भगवान विष्णु का आंवले के वृक्ष में निवास माना जाता है। उन्होंने बताया कि ‘अक्षय’ का अर्थ है जिसका कभी क्षय या नाश न हो।
धार्मिक मान्यता के अनुसार आंवले के वृक्ष में भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी का वास माना जाता है। इस दिन श्रद्धापूर्वक पूजा-पाठ, जप-तप और जरूरतमंदों को अन्न-वस्त्र का दान करने से अक्षय पुण्य फल की प्राप्ति होती है। मान्यता है कि इससे जीवन में सुख, सौभाग्य और आरोग्य बना रहता है।



