स्टेशन बाजार बना खनन माफियाओं का सेफ जोन, रात के अंधेरे में दौड़ रहीं मिट्टी लदी बोगा ट्रालियां
रात 10 बजे से सुबह 5 बजे तक बेखौफ जारी रहता है मिट्टी का परिवहन, पुलिस-प्रशासन की कार्यप्रणाली पर उठ रहे सवाल
जमानियां,गाजीपुर। स्टेशन बाजार क्षेत्र इन दिनों कथित तौर पर खनन माफियाओं के लिए सेफ जोन बनता जा रहा है। यहां रात दस बजे से सुबह पांच बजे तक मिट्टी लदी बोगा ट्राली और ट्रैक्टर बेखौफ फर्राटा भर रहे हैं। हैरानी की बात यह है कि यह पूरा खेल पुलिस-प्रशासन की निगरानी वाले क्षेत्र में संचालित होने की बात कही जा रही है, लेकिन इसके बावजूद कार्रवाई नहीं होने से जिम्मेदारों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, रात होते ही मिट्टी लदे ट्रैक्टरों का आवागमन शुरू हो जाता है, जो सुबह तक लगातार जारी रहता है। भारी भरकम बिना रजिस्ट्रेशन की बोगा ट्रालियों की आवाजाही से जहां सड़कों पर खतरा बना रहता है, वहीं अवैध खनन और परिवहन को लेकर भी चर्चाएं तेज हो गई हैं।
अभी क्षेत्र में कथित बालू माफियाओं की गतिविधियों को लेकर चर्चाएं थमी भी नहीं थीं कि अब अवैध मिट्टी खनन और परिवहन का मामला सामने आने लगा है। लोगों का सवाल है कि आखिर इतनी बड़ी संख्या में मिट्टी लदे वाहन रातभर सड़कों पर दौड़ रहे हैं तो संबंधित विभागों को इसकी भनक क्यों नहीं लग रही है?
स्थानीय लोगों में इस बात को लेकर भी नाराजगी है कि बिना किसी प्रभावी रोक-टोक के यह गतिविधियां कैसे संचालित हो रही हैं। कुछ लोगों ने पुलिस और खनन विभाग की मिलीभगत की आशंका भी जताई है।
अब देखना यह है कि पुलिस-प्रशासन और खनन विभाग इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच और कार्रवाई करते हैं या फिर रात के अंधेरे में खनन और मिट्टी परिवहन का यह कथित खेल यूं ही जारी रहता है। इस संबंध में कोतवाली प्रभारी योगेंद्र सिंह ने कहा मामला संज्ञान में नहीं है और यह चीजें हमारे कार्य क्षेत्र में नहीं आती हैं मै संबंधित विभाग को सूचित करूंगा।



