विश्व आवास दिवस पर संगोष्ठी, ‘सभी के लिए पर्याप्त आवास’ पर हुई चर्चा

जमानियां। स्थानीय स्टेशन बाजार स्थित हिंदू स्नातकोत्तर महाविद्यालय में सोमवार को राष्ट्रीय कैडेट कोर (NCC) के तत्वावधान में विश्व आवास दिवस के अवसर पर विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संयोजन NCC कैडेट प्रभारी कैप्टन डॉ. अंगद प्रसाद तिवारी ने किया। यह आयोजन 91 यूपी बटालियन के समादेश अधिकारी कर्नल सुखबीर सिंह पुनिया के निर्देशन में संपन्न हुआ।
मुख्य वक्ता कैप्टन डॉ. अंगद प्रसाद तिवारी ने कैडेटों को संबोधित करते हुए कहा कि विश्व आवास दिवस 2026 की थीम ‘सभी के लिए पर्याप्त आवास (Adequate Housing for All)’ है। इसका उद्देश्य प्रत्येक व्यक्ति के लिए सुरक्षित, किफायती और सम्मानजनक आवास के मौलिक अधिकार के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
उन्होंने कहा कि बढ़ती आबादी, तेजी से हो रहे शहरीकरण और जलवायु परिवर्तन के दौर में प्रत्येक व्यक्ति को गरिमापूर्ण आवास उपलब्ध कराना बड़ी चुनौती है। ऐसे में पर्यावरण-अनुकूल और टिकाऊ आवास की अवधारणा को बढ़ावा देना आवश्यक है। उन्होंने NCC कैडेटों से समाज में पर्यावरण संरक्षण तथा टिकाऊ आवास के प्रति जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में सूबेदार चंद्रशेखर और हवलदार दीपेंदर थापा विशेष रूप से उपस्थित रहे। संगोष्ठी में NCC के SD विंग के 41 कैडेट और SW विंग की 47 कैडेटों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम का समापन पर्यावरण संरक्षण और सभी के लिए पर्याप्त एवं सम्मानजनक आवास उपलब्ध कराने के संकल्प के साथ हुआ।



