मंत्री पर अभद्र टिप्पणी शिक्षक को पड़ा भारी: सस्पेंड के बाद मरदह थाने में प्रधानाध्यापक पर FIR दर्ज

सुभासपा कार्यकर्ताओं में उबाल, सोशल मीडिया टिप्पणी को लेकर बढ़ा सियासी पारा
गाजीपुर। उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर के खिलाफ वायरल वीडियो में कथित अभद्र और अश्लील टिप्पणी करना शिक्षा क्षेत्र मरदह के कंपोजिट विद्यालय गुलालसराय के प्रधानाध्यापक आनंद प्रकाश यादव को भारी पड़ गया। मामले में बीएसए उपासना रानी वर्मा ने सस्पेंड करते हुए विभागीय जांच खंड शिक्षा अधिकारी भांवरकोल रविन्द्र सिंह को सौंपी है। उसके बाद अनुसूचित प्रकोष्ठ युवा मोर्चा गाजीपुर के जिलाध्यक्ष विशाल कुमार साहनी के तहरीर पर मरदह थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मरदह थाना क्षेत्र के सरार उर्फ हैदरगंज निवासी विशाल कुमार साहनी ने सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के लेटर पैड पर तहरीर देकर आरोप लगाया था कि प्रधानाध्यापक ने सोशल मीडिया और मीडिया मंचों पर मंत्री ओमप्रकाश राजभर के खिलाफ बेहद आपत्तिजनक और अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया। शिकायतकर्ता का कहना है कि एक सरकारी शिक्षक द्वारा सार्वजनिक मंच से इस तरह की टिप्पणी न केवल सरकारी कर्मचारी आचरण नियमावली का उल्लंघन है, बल्कि शिक्षक समाज की गरिमा को भी ठेस पहुंचाने वाला कृत्य है।
तहरीर में यह भी कहा गया कि विद्यालय में अध्ययनरत छात्रों पर ऐसे व्यवहार का नकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है। मामले को लेकर सुभासपा कार्यकर्ताओं में भारी नाराजगी देखने को मिली और कार्रवाई की मांग तेज हो गई।
विवाद बढ़ने के बाद मरदह थाना पुलिस ने संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। एफआईआर दर्ज होने के बाद शिक्षा विभाग और जिले की राजनीतिक फिजा में हलचल तेज हो गई है। वहीं क्षेत्र में इस कार्रवाई को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं भी जारी हैं।




