जमानिया। कोतवाली क्षेत्र के राजपुर पोखरा क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर मारपीट के मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, राजपुर पोखरा निवासिनी कमलावती देवी ने थाने में तहरीर देकर बताया कि उनके पति शिवबहादुर राम अपनी दुकान पर बैठे हुए थे, तभी गांव के ही दबंग युवक ने वहां पहुंचकर पुरानी रंजिश को लेकर गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर विपक्षी ने लात-घूंसों और लाठी-डंडों से शिवबहादुर पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस हिंसक हमले में शिवबहादुर का सिर फट गया और वे लहूलुहान होकर मौके पर ही गिर पड़े। शोर सुनकर जब पत्नी बीच-बचाव के लिए दौड़ी, तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गया। घायल को उपचार के लिए ले जाया गया है। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक रामसजन नागर ने बताया प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।




