जमानिया और रेलवे पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में बड़ी सफलता,लाखों की शराब बरामद

जमानियां। अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रविवार को स्थानीय पुलिस और रेलवे सुरक्षा बलों की संयुक्त टीम को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। टीम ने जमानियां रेलवे स्टेशन पर छापेमारी कर भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब और बीयर के साथ सात तस्करों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। ये सभी आरोपी बिहार के रहने वाले हैं और बोरियों व पिठ्ठू बैग में भरकर इस शराब की भारी खेप को बिहार ले जाने की फिराक में थे।
जानकारी के अनुसार, रविवार को जमानियां थाने के उपनिरीक्षक अश्वनी प्रताप सिंह, जीआरपी दिलदारनगर के उपनिरीक्षक अश्विनी कुमार पटेल और आरपीएफ दिलदारनगर के उपनिरीक्षक नवीन कुमार की संयुक्त टीम रेलवे स्टेशनों पर चेकिंग कर रही थी। इसी बीच मुखबिर से सटीक सूचना मिली कि जमानियां रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 1 स्थित यात्री शेड के पास कुछ लोग भारी मात्रा में अवैध शराब लेकर ट्रेन के इंतजार में खड़े हैं। इस सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए संयुक्त टीम ने स्टेशन पर घेराबंदी की और वहां मौजूद सात संदिग्ध युवकों को दबोच लिया। पुलिस टीम ने जब इन युवकों के पास मौजूद सामान की तलाशी ली, तो उसमें अवैध शराब का बड़ा जखीरा बरामद हुआ। तस्करों ने पुलिस की आंखों में धूल झोंकने के लिए शराब को 22 पिठ्ठू बैग, पांच बोरियों और चार झोलों में छिपा रखा था। सघन तलाशी के दौरान पुलिस ने कुल 498.5 लीटर बीयर (जिसमें 500-500 मिलीलीटर की 997 केन शामिल हैं) और 56.71 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की। अंग्रेजी शराब में ‘रॉयल स्टैग’ और ‘आफ्टर डार्क’ ब्रांड की दर्जनों बोतलें शामिल हैं। पूछताछ में सभी आरोपियों की पहचान पूर्ण शराबबंदी वाले राज्य बिहार के विभिन्न जिलों के निवासियों के रूप में हुई है। गिरफ्तार किए गए तस्करों में पटना जिले के रहने वाले 23 वर्षीय अनुराग कुमार, 33 वर्षीय सुमित कुमार, 37 वर्षीय जितेन्द्र कुमार और 28 वर्षीय शिवकुमार शामिल हैं। इसके अलावा सीतामढ़ी जिले का 32 वर्षीय आशीष कुमार तथा नालंदा जिले के रहने वाले 30 वर्षीय राकेश कुमार व 21 वर्षीय सतीश कुमार को भी गिरफ्तार किया गया है। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक रामसजन नागर ने बताया कि पकडे गए सात अभियुक्तों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 60 इएक्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर लिया गया है। इन तस्करों से जुड़े अन्य नेटवर्क को खंगालने में जुट गई है और विधिक कार्रवाई करते हुए सभी को जेल भेजने की तैयारी की जा रही है।



