डीएम ने शहर की सड़कों का किया निरीक्षण, 31 मई तक कार्य पूर्ण करने के निर्देश

गाजीपुर। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने शहर की विभिन्न सड़कों का निरीक्षण कर निर्माण एवं मरम्मत कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों और निर्माण एजेंसियों को गुणवत्ता के साथ समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि आमजन को बेहतर यातायात सुविधा मिल सके।
जिलाधिकारी ने सिचाई विभाग, विकास भवन, पीजी कॉलेज, आदर्श बाजार, नवीन स्टेडियम, आईटीआई चौराहा होते हुए शास्त्री नगर तक के प्रमुख मार्गों और निर्माणाधीन सड़कों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यों की वर्तमान स्थिति की जानकारी लेते हुए कहा कि सड़क निर्माण में किसी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने पीडब्ल्यूडी अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी निर्माण कार्य 31 मई 2026 तक प्राथमिकता के आधार पर तेजी से पूरे किए जाएं, जिससे नागरिकों को आवागमन में हो रही परेशानियों से राहत मिल सके। जिलाधिकारी ने निर्माण सामग्री की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने तथा कार्यस्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने नियमित मॉनिटरिंग और समय-समय पर प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा। जिलाधिकारी ने कहा कि शहर के विकास और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में सड़क निर्माण कार्य महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इस दौरान स्थानीय नागरिकों ने भी कार्य शीघ्र पूरा कराने की मांग रखी। मौके पर मुख्य राजस्व अधिकारी आयुष चौधरी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।



