उत्तर प्रदेशक्राइमगाजीपुरज़मानिया

बेकाबू पिकअप ने बाइक सवार दो सगे भाइयों को रौंदा, हालत गंभीर

एनएच-24 पर चितावनपट्टी के पास हादसा, टक्कर मारकर चालक फरार; पिकअप पुलिस ने कब्जे में ली

जमानियां (गाजीपुर)। कोतवाली क्षेत्र के चितावनपट्टी के समीप गुरुवार देर रात नेशनल हाईवे-24 पर तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर से बाइक सवार दो सगे भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को खून से लथपथ हालत में जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार राघोपुर गांव निवासी सोनू (35) और सुंदर (28) गुरुवार देर रात बाजार से सब्जी लेकर बाइक से घर लौट रहे थे। बाइक छोटा भाई सुंदर चला रहा था, जबकि बड़ा भाई सोनू पीछे बैठा था। इसी दौरान गाजीपुर की ओर से आ रही तेज रफ्तार अनियंत्रित पिकअप ने चितावनपट्टी के पास उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों भाई सड़क पर दूर जा गिरे और बाइक उछलकर काफी दूर जा गिरी। हादसे के बाद पिकअप चालक मौके से फरार हो गया।
दुर्घटना की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तत्काल निजी वाहन से दोनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। हादसे के बाद कुछ देर तक हाईवे पर अफरा-तफरी के साथ जाम की स्थिति बनी रही। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
स्थानीय लोगों ने हाईवे पर तेज रफ्तार वाहनों के संचालन पर नाराजगी जताते हुए कहा कि रात के समय पुलिस गश्त और वाहनों की गति पर नियंत्रण की व्यवस्था प्रभावी नहीं है। आए दिन तेज रफ्तार पिकअप और ट्रक राहगीरों के लिए खतरा बने रहते हैं। ग्रामीणों ने हाईवे पर पुलिस गश्त बढ़ाने, बैरियर लगाने और तेज रफ्तार वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र सिंह ने बताया कि दुर्घटना में शामिल पिकअप को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। अभी तक परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है। घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page