बालू माफिया से सांठगांठ पड़ी भारी: लाल बालू लदा ट्रेलर पास कराने के खेल में दो सिपाही सस्पेंड

गाजीपुर। अवैध बालू परिवहन में पुलिस की मिलीभगत एक बार फिर उजागर हुई है। करंडा थाना के कांस्टेबल बच्चे लाल यादव और जमानियां कोतवाली के कांस्टेबल दुर्गेश तिवारी को विभाग ने सस्पेंड कर दिया है। सूत्रों की मानें तो दोनों सिपाही अपने-अपने थाना क्षेत्रों में कारखासी करते हुए धरम्मरपुर-जमानियां पक्का पुल पर लाल बालू लदे ट्रेलरों को बिना रोक-टोक पास कराने के खेल में शामिल थे। लंबे समय से चल रहे इस गोरखधंधे की भनक तब लगी जब पुलिस सतर्क मित्र व्हाट्सएप चैट बाट और ट्विटर पर इसकी शिकायत दर्ज कराई गई थी और दोनों सिपाहियों की सीडीआर निकलवाकर सख्त कार्रवाई करने की मांग की गई थी। मामला सामने आते ही महकमे में हड़कंप मच गया। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए विभागीय जांच कराई गई, जिसमें प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए गए। इसके बाद दोनों सिपाहियों पर निलंबन की कार्रवाई कर दी गई।
वर्जन-
करंडा थाना में तैनात कांस्टेबल बच्चे लाल यादव को निलंबित किया गया है किस मामले में हुए हैं अभी आदेश आया नहीं है आदेश आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा – शैलेश यादव, प्रभारी थानाध्यक्ष थाना करंडा, गाजीपुर
किस मामले में कांस्टेबल निलंबित हुए हैं अभी स्पष्ट नहीं है जन शिकायत पर यह कार्रवाई की गई है – रामसजन नागर, कोतवाल जमानियां, गाजीपुर



