उत्तर प्रदेशक्राइमगाजीपुरज़मानिया

दबंगों का कहर!खनन अधिकारी का मोबाइल छीना,मुकदमा दर्ज

जमानिया। कोतवाली क्षेत्र में अवैध खनन माफियाओं के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब वे सरकारी अधिकारियों के काम में भी सरेआम बाधा डालने लगे हैं। गुरुवार अहले सुबह अवैध खनन की जांच कर रहे गाजीपुर के खान निरीक्षक की टीम को दबंगों ने घेर लिया। इन लोगों ने न सिर्फ जब्त किए गए मिट्टी से भरे ट्रैक्टर से मिट्टी नीचे गिरा दी, बल्कि घटना का वीडियो बना रहे खान निरीक्षक का मोबाइल भी छीन कर फरार हो गए।
तहरीर के अनुसार, गाजीपुर के खनन निरीक्षक ईश्वरचन्द और एचएम भोला सिंह यादव 23 अप्रैल की सुबह करीब 5 बजे अवैध खनन और परिवहन की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान बरुईन नहर के पास उन्हें एक मिट्टी से लदा ट्रैक्टर-ट्राली दिखाई दिया। टीम ने उसे रोका, लेकिन मौका पाकर चालक ट्रैक्टर छोड़कर वहां से भाग निकला। इसके बाद खनन निरीक्षक ने एक अन्य चालक की व्यवस्था की और जब्त किए गए ट्रैक्टर-ट्राली को थाना जमानिया ले जाने लगे। जब वे लोग रास्ते में थे, तभी अचानक चार अज्ञात लोगों ने ट्रैक्टर को घेरकर रोक लिया। दबंगई दिखाते हुए उनमें से एक व्यक्ति ट्रैक्टर-ट्राली पर चढ़ गया और उसने बरेसर नहर के पास ही सारी मिट्टी डंप कर दी। स्थिति को बिगड़ता देख खान निरीक्षक ईश्वरचन्द ने तत्काल 112 नंबर पर फोन कर पुलिस से मदद मांगी और साक्ष्य जुटाने के लिए अपने मोबाइल से घटना का वीडियो बनाने लगे। वीडियो बनता देख दबंगों में से एक व्यक्ति ने उन पर झपट्टा मारा और उनका मोबाइल छीनकर अपने अन्य साथियों के साथ वहां से फरार हो गया। इस घटना के बाद खानन निरीक्षक ईश्वरचन्द ने कोतवाली में लिखित तहरीर देकर चार अज्ञात आरोपियों के खिलाफ बीएनएस (भारतीय न्याय संहिता) की सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। प्रभारी निरीक्षक राम सजन नागर ने बताया कि खनन निरीक्षक की तहरीर के आधार पर चार अज्ञात लोगों के खिलाफ सरकारी काम में बाधा डालने, लूट और अन्य सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर लिया गया है। जांच की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page