
जमानिया। विकास खंड क्षेत्र के तियरी गांव स्थित मुसहर बस्ती प्राथमिक विद्यालय में गुरुवार को तहसील प्रशासन द्वारा एक विशेष समाधान शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का उद्देश्य ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं से जोड़ना और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान करना था।
शिविर में उपजिलाधिकारी ज्योति चौरसिया स्वयं मौके पर पहुंचीं और ग्रामीणों से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं को सुना। उन्होंने प्रत्येक समस्या को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए और कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। इस अवसर पर ग्राम वासियों ने बिजली, राशन कार्ड, वृद्धावस्था पेंशन, आवास, शौचालय जैसी बुनियादी आवश्यकताओं से जुड़ी समस्याएं सामने रखीं। उपजिलाधिकारी ने भरोसा दिलाया कि प्रशासन उनकी समस्याओं के निराकरण के लिए प्रतिबद्ध है और हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी। ग्रामीणों ने समाधान शिविर के आयोजन पर प्रशासन का आभार प्रकट किया और ऐसे कार्यक्रमों को समय-समय पर आयोजित किए जाने की मांग की, जिससे अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंच सके। इस दौरान एसडीएम ज्योति चौरसिया ने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता है कि समाज के अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचे। मुसहर बस्ती जैसे वंचित क्षेत्रों में शिविर लगाकर हम यही सुनिश्चित करना चाहते हैं कि किसी भी जरूरतमंद को उसके हक से वंचित न रहना पड़े। उन्होंने आगे कहा कि इस प्रकार के समाधान शिविर आगे भी नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे, ताकि जनसमस्याओं का त्वरित निस्तारण हो सके और जनता को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।इस अवसर पर तहसीलदार राम नारायण वर्मा‚ आपूर्ति निरीक्षक राजकुमार‚ एडीओ पंचायत उमेन्द्र प्रताप सिंह,दिग्विजय नाथ आदि मौजूद रहे।




