जमानिया। थाना क्षेत्र के राघोपुर गांव में सोमवार की शाम एक युवक पर उसके साले और साथियों ने विदाई के दौरान जानलेवा हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पीड़ित ने कोतवाली में मंगलवार को लिखित तहरीर दी। जिस पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक सुहवल निवासी मनोज यादव रविवार को अपनी पत्नी ज्योति की विदाई कराने राघोपुर गया था। परिजनों ने विदाई की अनुमति दे दी और मनोज ने पत्नी को गाड़ी में बैठा लिया। जैसे ही वह ड्राइविंग सीट पर बैठा, तभी उसका साला बैजु यादव अपने 5–6 साथियों के साथ वहां आ धमका और मनोज को गाड़ी से बाहर खींच लिया। इसी दौरान बैजु और उसके साथी सोनू यादव ने धारदार चाकू और लोहे की रॉड से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में मनोज के सिर और हाथ पर गंभीर चोटें आईं और वह अचेत होकर गिर पड़ा। होश आने पर मनोज ने अपने छोटे भाई को फोन कर घटना की जानकारी दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को इलाज के लिए भेजा। वहीं, मनोज के अनुसार घटना के दौरान उसकी पत्नी और सास ने भी उसके भाई को धमकी देते हुए कहा कि अगर नहीं भागे तो तुम्हारा भी यही हाल होगा।पीड़ित का आरोप है कि उसकी सास पार्वती देवी ने विदाई के बहाने उसे घर बुलाकर पूर्वनियोजित षड्यंत्र के तहत उसकी हत्या कराने का प्रयास कराया। उसने सास पार्वती देवी, साला बैजु यादव, सोनू यादव और अज्ञात 5–6 लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।




