
गाजीपुर। जिले में सक्रिय गौ-तस्करों पर पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। बीती देर रात स्वाट टीम एवं थाना सुहवल थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में कुख्यात गौ-तस्कर पुलिस मुठभेड़ में गोली लगने से घायल होकर गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। मौके से एक अवैध तमंचा .315 बोर, एक खोखा कारतूस तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की गई।
स्वाट प्रभारी रोहित कुमार मिश्रा टीम के साथ रात्रि गश्त पर थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक पिकअप में गोवंश लदा हुआ है तथा मोटरसाइकिल सवार तस्कर रजागंज से गहमर की दिशा में निकलने वाले हैं। सूचना पर पुलिस ने इलाके में घेराबंदी कर दी। कुछ देर बाद संदिग्ध वाहन सामने आए तो पुलिस ने रोकने का प्रयास किया, मगर मोटरसाइकिल सवारों ने पुलिस पर फायरिंग करते हुए भागना शुरू कर दिया।
स्वाट टीम ने तत्काल कंट्रोल रूम को अवगत कराते हुए पीछा तेज किया। कालूपुर मोड़, थाना सुहवल क्षेत्र में जब पुलिस ने बदमाशों को घेर लिया तो उन्होंने एक बार फिर जानलेवा फायरिंग की। पुलिस टीम ने आत्मरक्षा में संतुलित जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश के बाएं पैर में गोली लगने से वह घायल होकर गिर पड़ा। घायल तस्कर को मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए तत्काल सीएचसी रेवतीपुर भेजा गया। पिकअप वाहन और दूसरा आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। गिरफ्तार गौ- तस्कर
सैफ पुत्र अख्तर, निवासी ग्राम नोनहरा, थाना नोनहरा है। जिसके कब्जे से एक अवैध तमंचा .315 बोर, एक खोखा कारतूस .315 बोर, एक मोटरसाइकिल बरामद किया गया।
पुलिस मुठभेड़ में प्रभारी स्वाट रोहित कुमार मिश्रा मय टीम, प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र पाण्डेय, थाना सुहवल मय टीम शामिल रहे।




