
जमानिया। कोतवाली क्षेत्र के वार्ड संख्या 25 निवासी नगर पालिका अध्यक्ष जय प्रकाश गुप्ता पर तेरही के कार्यक्रम के दौरान जानलेवा हमला करने और मारपीट करने के मामले में पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपियों के विरुद्ध मंगलवार को प्राथमिकी दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, नगर पालिका अध्यक्ष जयप्रकाश गुप्ता ने कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि वह 19 जनवरी की रात करीब 10 बजे एक तेरही के कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। वहां बैठकर कुछ लोगों से बातचीत कर रहे थे, तभी पीछे से आए नारायण दास चौरसिया उर्फ टुनटुन, राकेश चौरसिया और उनके तीन अन्य साथियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। आरोप है कि हमलावरों ने जयप्रकाश पर जानलेवा हथियार से वार किया, हालांकि वे बाल-बाल बच गए। इसके बाद आरोपियों ने उन्हें घूंसे और लातों से जमकर पीटा, जिससे उन्हें गंभीर अंदरूनी चोटें आईं। घटनास्थल पर मौजूद अमित कुमार वर्मा और घुरहु पासवान ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन हमलावर मारपीट करते रहे। शोर मचने पर जब भीड़ जुटने लगी तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। पीड़ित ने पुलिस से डॉक्टरी मुआयना कराने और कानूनी कार्रवाई की गुहार लगाई है। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक रामसजन नागर ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर नामजद व अज्ञात आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




